राज्य मंत्रिमंडल के निर्णयों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
ई-विधान परियोजना से बचेगा समय, होगा पर्यावरण का संरक्षण
– श्री जीतू जिराती
भोपाल, दिनांक 10/7/2024 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती ने राज्य मंत्रिमंडल में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि राज्य मंत्रिमंडल ने ई-विधान परियोजना को मंजूरी दी है, जिससे विधानसभा की कार्यवाही में गति आएगी साथ ही पर्यावरण के संरक्षण में भी सहयोग मिलेगा।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने बुधवार को जिस ई-विधान परियोजना को मंजूरी दी है, उससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि पेपरलैस होने के कारण इस परियोजना से पर्यावरण के संरक्षण में भी योगदान मिलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह परियोजना ग्रीन गवर्नेंस का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने 9271 करोड़ की लागत वाली जिन सात सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति दी है, उनसे मध्यप्रदेश के हिस्से के नर्मदा जल का संपूर्ण उपयोग सुनिश्चित होगा। इससे किसानों को उनकी फसलों के लिए भरपूर पानी मिलेगा तथा प्रदेश के सिंचित रकबे में भी वृद्धि होगी। श्री जिराती ने कहा कि नर्मदा के अलावा राज्य मंत्रिमंडल ने सीधी जिले में बोकारो नदी पर बनने वाली एक परियोजना को भी मंजूरी दी है, जिससे 3310 हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई हो सकेगी तथा 11 गांवों के दस हजार से ज्यादा किसानों को फायदा होगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती ने कहा कि प्रदेश में अब तक विमुक्त, घुमंतु और अर्धघुमंतु जातियों के छात्र-छात्राओं को अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति से कम छात्रवृत्ति मिलती थी। लेकिन राज्य मंत्रिमंडल ने बुधवार को जो निर्णय लिया है, उसके अनुसार विमुक्त, घुमंतु और अर्ध घुमंतु वर्ग के विद्यार्थियों को भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के बराबर छात्रवृत्ति मिलने लगेगी।
(आशीष उषा अग्रवाल)
प्रदेश मीडिया प्रभारी
