निमाड़ के साथ आज MP का दक्षिणी हिस्सा भी भीगेगा
मध्यप्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के एक्टिव होने से बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को इंदौर समेत कई जिलों में बारिश हुई जबकि बुधवार को निमाड़ के साथ एमपी का दक्षिणी हिस्सा भीगेगा।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में छतरपुर, पन्ना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि एमपी के उत्तरी हिस्से में ट्रफ लाइन गुजर रही है। वहीं, साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी एक्टिव है। इस वजह से बारिश हो रही है, जो आगे भी जारी रहेगी।

सीधी, दमोह और नौगांव में पारा 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
इससे पहले मंगलवार को मंडला, बालाघाट, बैतूल, धार, ग्वालियर, इंदौर, रतलाम समेत कई जिलों में बारिश हुई। दूसरी ओर, भोपाल समेत कई शहरों में धूप भी निकली। इस वजह से दिन के टेम्प्रेचर में बढ़ोतरी हो गई। सीधी, दमोह और नौगांव में पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 34.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 33.4 डिग्री, ग्वालियर में 36.6 डिग्री, जबलपुर में 34.1 डिग्री और उज्जैन में 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बैतूल में तापमान सबसे कम 28.5 डिग्री रहा। खरगोन-पचमढ़ी में 29.2 डिग्री और सिवनी में यह 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मनावर में बारिश नहीं होने से परेशान किसानों ने किया टोटका

निमाड़ के मनावर में बारिश नहीं होने से परेशान सिरसी गांव में किसानों ने उज्जैयनी (गांव के बाहर खाना बनाने) का टोटका किया। राकेश जाट ने बताया कि किसान गांव के ही राम मंदिर पहुंचे। यहां पूजा-पाठ, हवन और भजन किया। फिर खेतों में दाल-बाटी बनाकर भगवान को भोग लगाया। इसके बाद सभी ने खुले में बैठकर भोजन किया। भू अभिलेख दफ्तर से मिले आंकड़ों के मुताबिक, मनावर में आज तक 168 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

एमपी में मंगलवार को इतना रहा टेम्प्रेचर


इस बार एमपी में ऐसे पहुंचा मानसून
- 21 जून को 6 जिले- पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में सबसे पहले मानसून पहुंचा।
- 23 जून को 26 जिले- भोपाल, इंदौर, उज्जैन, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, सीहोर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सागर, दमोह, कटनी, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली में मानसून एंटर हुआ।
- 25 जून को 17 जिले- झाबुआ, रतलाम, नीमच, मंदसौर, आगर, शाजापुर, राजगढ़, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा और मऊगंज में मानसून आया।
- 27 जून को 6 जिले- ग्वालियर, श्योपुरकलां, भिंड, मुरैना, दतिया और निवाड़ी में मानसून पहुंचा।

