भोपाल में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट
भोपाल में आज जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुबह से ही अति संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन गौतम ने हिंदू संगठनों द्वारा एक मुस्लिम युवक की पिटाई करने, उसके मुंह पर गोबर लगाने और स्याही पोतने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में मंगलवार को चेतावनी दी थी कि शुक्रवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस इस मामले में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
भोपाल के शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने भी वीडियो जारी कर शहर में अमन-शांति बनाए रखने और किसी के बहकावे में आकर गलत कदम न उठाने की अपील की है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने भी सभी समुदायों से शहर में शांति बनाए रखने की अपील की है।

इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
इतवारा इलाके की तमाम मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। इसके साथ ही ताजुल मसाजिद, बुधवारा स्थित कुलसुम बिया मस्जिद, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद, पीरगेट सहित पुराने शहर की प्रमुख मस्जिदों के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दोपहर 12:40 बजे से 2:45 बजे तक शहर की अलग-अलग मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की जाएगी।
