भोपाल में बड़ी चोरी: हमीदिया अस्पताल की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

0
Spread the love

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी स्थित प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया अस्पताल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर में चोरों ने धावा बोलते हुए रेडियोलॉजी विभाग से ट्रांसफार्मर और उसका भारी-भरकम पैनल चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि चोरी हुआ पैनल करीब 70 से 80 किलो वजनी था, जिसे बिना किसी रुकावट के ले जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है।
इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यह उठ रहा है कि जब अस्पताल में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं, तो इतनी बड़ी चोरी आखिर कैसे हो गई? क्या ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने इस गतिविधि को नहीं देखा या फिर लापरवाही बरती गई?
गौरतलब है कि हमीदिया अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ सुरक्षा गार्ड अक्सर सख्ती से पेश आते हैं। परिजनों को अंदर आने-जाने में कई बार अनावश्यक रोक-टोक का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह घटना यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या सुरक्षा व्यवस्था केवल आम लोगों को नियंत्रित करने तक सीमित है या वास्तव में अस्पताल की संपत्ति और मरीजों की सुरक्षा के लिए भी है।
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की मांग उठ रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भोपाल से रईस खान की विशेष अपडेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481