भोपाल में हिस्ट्रीशीटर के घर फायरिंग,बेटे को लगी गोली

0
Spread the love

भोपाल में शनिवार तड़के हुए गैंगवार में गोलियां चलीं। कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के अशोका गार्डन स्थित घर पर शादाब गेट और उसके गिरोह के 8 से 10 साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में लल्लू रईस के बेटे इमरान के पैर में गोली लगी है। गोलीबारी को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले।

घायल इमरान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि बदमाशों ने अस्पताल परिसर में भी घुसकर गोलियां चलाईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गोलियां अस्पताल की खिड़की और दीवार पर जाकर लगीं। लल्लू रईस ने बताया कि अस्पताल में मुझ पर भऊी फायरिंग की गई। गनीमत रही कि कोई गोली नहीं लगी।

पुलिस के मुताबिक मामला अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। दोनों थानों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

घटना का सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें भाग रहे लड़के पर फायर किया गया।
घटना का सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें भाग रहे लड़के पर फायर किया गया।

पीछा करते हुए घर तक पहुंचे आरोपी

लल्लू रईस के मुताबिक शादाब गेट, शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज समेत 8 से 10 लोग शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे शंकर गार्डन स्थित उनके घर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि आरोपी उनके बेटे इमरान का पीछा करते हुए घर तक आए थे।

हमले में घायल हुआ लल्लू रईस का बेटा इमरान, पैर में गोली लगी।
हमले में घायल हुआ लल्लू रईस का बेटा इमरान, पैर में गोली लगी।

आरोपियों ने पीछे से बेटे पर फायर किया

इमरान जैसे ही घर पहुंचा, आरोपियों ने पीछे से उस पर फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए इमरान तुरंत घर के अंदर घुस गया और गेट लॉक कर लिया। इसी दौरान चली एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।

हमीदिया अस्पताल में भी बदमाशों ने की फायरिंग।
हमीदिया अस्पताल में भी बदमाशों ने की फायरिंग।

दो साल पहले की रंजिश, बदले के लिए अटैक

लल्लू रईस का कहना है कि करीब दो साल पहले इमरान ने शादाब गेट के भाई पर हमला किया था, जिसमें उसकी उंगलियां कट गई थीं। उसी रंजिश का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।

अस्पताल में पड़ा कारतूस का खाली खोखा।
अस्पताल में पड़ा कारतूस का खाली खोखा।

जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार चलाते हैं

लल्लू रईस के अनुसार आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार चलाते हैं। वह इनके काले कारनामों के वीडियो बनाकर उजागर करते हैं, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई करती है और उनके अवैध कारोबार बंद हो जाते हैं। इसी वजह से आरोपी उनकी हत्या करना चाहते हैं।

घटना को लेकर एसीपी अनिल बाजपेयी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हमीदिया अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *