देर रात सीएम हाउस में लगी विधायक कालूहेड़ा की क्लास

0
Spread the love

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में आंदोलन की धमकी देने वाले उज्जैन उत्तर के बीजेपी विधायक अनिल जैन कालूहेडा को भोपाल तलब किया गया। शुक्रवार देर रात वे भोपाल में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह से मिले। इसके बाद फिर वे सीएम हाउस पहुंचे।

सीएम हाउस में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह ने विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा को सिंहस्थ के लिए बनने वाली रोड़ के मामले में दिए गए वक्तव्यों के लिए नाराजगी जाहिर की।

विधायक बोले: अब सिंहस्थ के कामों में सहयोगी रहूंगा

सीएम और संगठन की समझाइश के बाद कालूहेडा ने अपने बयान पर खेद जताया और कहा कि वे अब आगे सिंहस्थ के कामों में सहयोगी बनेंगे। उनकी तरफ से कोई दिक्कत नहीं आएगी। बस आम जनता से प्रशासनिक अधिकारी चर्चा करके निर्णय लें।

उज्जैन के पिपलीनाका में सड़क चौड़ीकरण बना विवाद

दरअसल, उज्जैन उत्तर से भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने शुक्रवार को कहा कि पिपलीनाका क्षेत्र की सड़क का चौड़ीकरण हुआ तो वह रोड पर उतरेंगे। सड़क चौड़ीकरण से कई परिवारों की रोजी-रोटी में दिक्कतें आएंगी, लेकिन अधिकारियों ने CM को गलत जानकारी दी।

विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि मैंने क्षेत्रवासियों को वचन दिया। 24 मीटर की ही रोड होगी, नहीं तो आपका विधायक आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। जन आंदोलन करेंगे। मैं उसका नेतृत्व करूंगा। कलेक्टर से बोला है कि आप सीएम से बात करें।

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में उतरे स्थानीय लोग
उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में उतरे स्थानीय लोग

7 दिन में खाली करने का नोटिस

जानकारी के मुताबिक भैरव गढ़ रोड के किनारे करीब 410 घर हैं। इनमें से कई बच्चों के बोर्ड एग्जाम हैं। ऐसे में नगर निगम ने 7 दिन में घर खाली करने का नोटिस जारी किया। नोटिस के मुताबिक कई घरों का हिस्सा 10 फीट का तो कुछ का 20 फीट तक ही बच रहा है। बाकी को बुलडोजर से तोड़ने की तैयारी है।

नोटिस मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। विधायक अनिल जैन के कार्यालय को घेर लिया। सरकार और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक की गाड़ी के सामने बैठे और उनके सामने प्रदर्शन किया। विधायक ने वादा किया कि 24 मीटर से ज्यादा चौड़ी होने पर वह खुद सड़क पर उतरेंगे।

विधायक बोले- मैं जनता की भावना का सम्मान नहीं कर पा रहा

स्थानीय लोगों को समझाने के बाद विधायक ने कहा, मैंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से कहा कि पब्लिक की भावना का सम्मान नहीं कर पा रहा हूं। उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शहर में छोटी-छोटी बातों को तूल देना ठीक नहीं है। कुछ बातें इतनी सीरियस होती हैं कि अधिकारी चीफ मिनिस्टर को बता देते हैं। गलत जानकारी भी देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *