भोपाल नगर निगम में सिर्फ एक और इंदौर में तीन जगह पर हुई कार्रवाई

प्रदेश के 413 नगरीय निकायों में बीते दो दिनों में मांस-मछली की अवैध बिक्री के खिलाफ 442 कार्रवाइयां हुई हैं। इन कार्रवाई के तहत कुल 77800 रुपए का जुर्माना वसूला गया है। भोपाल नगर निगम क्षेत्र में सिर्फ एक और इंदौर निगम क्षेत्र में 3 जगह कार्रवाई की गई। सबसे अधिक कार्रवाई शहडोल संभाग में हुई है, यहां सबसे अधिक 25300 रुपए का जुर्माना वसूला गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मंत्रालय में हुई विभागीय समीक्षा में अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि मांस-मछली की अवैध बिक्री के खिलाफ एक्शन लिया जाए। दो दिनों में भोपाल नगर निगम क्षेत्र में मांस-मछली की अवैध बिक्री के खिलाफ गांधीनगर में एक कार्यवाही हुई है। वार्ड नंबर 1 गांधीनगर में स्थित नदीम मटन-चिकन शॉप पर प्रशासन ने कार्यवाई करते हुए जुर्माना वसूला। इसके अलावा इंदौर नगर निगम क्षेत्र में 3, ग्वालियर में 1 और जबलपुर में 3 जगह प्रशासन ने कार्रवाई की। हालांकि सभी नगर निगम क्षेत्रों में कुल मिलाकर कुल 17 जगह एक्शन लिए गए।
