जबलपुर में 2 घोड़े लड़ते हुए शोरूम में घुसे
जबलपुर के नागरथ चौक पर दो घोड़े आपस में भिड़ गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें भगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। देखते ही देखते घोड़े शोरूम में जा घुसे। लड़ाई के दौरान शोरूम में काफी तोड़फोड़ हुई।
लड़ते-लड़ते दोनों घोड़े सड़क पर आ गए। इसी बीच चौराहे से सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा गुजर रहा था, तभी एक घोड़ा सीधे उसमें घुस गया। ऑटो चालक सहित दो यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। लोगों ने दौड़कर घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और एम्बुलेंस बुलाई गई। इसके बाद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घोड़े को ऑटो से निकाला। तब तक वह छटपटाता रहा। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद दोनों घोड़े वहां से चले गए।
तस्वीरों में देखिए ऑटो में घोड़ा किस तरह फंसा…



लोग बोले- नगर निगम ने नहीं की कार्रवाई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों से ये दोनों घोड़े अक्सर चौराहे पर लड़ते देखे गए हैं। नगर निगम को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज तीन लोग घायल हो गए।
स्थानीय निवासी मेहमूद ने बताया, जिनके घोड़े हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अगर इन घोड़ों को रेस्क्यू कर शहर से बाहर नहीं किया गया, तो आगे चलकर इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
घोड़ों के कारण हो रहे हादसे प्रत्यक्षदर्शी राजू ने बताया कि चौराहे पर तीन घोड़े अक्सर दिखाई देते हैं। इनके कारण एक्सीडेंट होते हैं। आज ही लड़ते हुए घोड़े एक ऑटो में घुस गए, जिससे ऑटो चालक को चोट आई है। उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं उसका ऑटो भी खराब हो गया है। ऐसे हादसे आए दिन होते रहते हैं।
