जिस दिन मेरा बेटा राजनीति में आएगा, उस दिन मैं अलविदा कह दूंगा

केंद्रीय मंत्री और गुना लोकसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र में ही प्रचार कर रहे हैं। उनके अलावा उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे और बेटे महाआर्यमन भी प्रचार में जुटे हैं।
महाआर्यमन अपने पिता की तरह सभाएं ले रहे हैं। क्या यह उनकी राजननीति में एंट्री की तैयारी है? सिंधिया का जवाब है- इस परिवार का नियम है एक समय में परिवार में एक से ज्यादा व्यक्ति राजनीति नहीं करेगा। चुनावी भागदौड़ के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दैनिक भास्कर से चर्चा की..
सवाल- उमा भारती ने कहा कि आप भाजपा के लिए बने थे, गलत पार्टी में चले गए थे?
जवाब – भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवादी सोच की पार्टी है। देश के हित की पार्टी है। देश को बनाने वाली पार्टी है। मैं अपना सौभाग्य मानता हूं कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मुझे काम करने का मौका मिला।

सवाल- कांग्रेस से बड़ी संख्या में लोग भाजपा में आ रहे हैं। आप तो कांग्रेस में रहे हैं, इसकी क्या वजह मानते हैं?
जवाब- कांग्रेस पूरी तरह से बैंक करप्ट हो चुकी है। कांग्रेस में विचारधारा नहीं है। मानव संसाधन में यह दिवालिया हो गई है। लोगों का मान-सम्मान रखना, उनको काम पर लगाना, प्रेरित करना पूर्ण रूप से भूल चुकी है। कांग्रेस के पास देश के लिए सकारात्मक सोच नहीं है। उसके पास देश को 100 साल पीछे ले जाने की सोच है। कांग्रेस के पास तो प्रत्याशी भी नहीं हैं। प्रत्याशी भी कांग्रेस छोड़कर भाग रहे हैं।

सवाल- महाआर्यमन आपकी तरह सभाएं ले रहे हैं। इसे नेट प्रैक्टिस कहा जाए?
जवाब- मैंने अपने पूज्य पिताजी के लिए प्रचार करना 13 साल की उम्र से शुरू किया था। मेरा पुत्र पिछले 10 साल से मेरे लिए प्रचार कर रहा है, तो ये नई बात नहीं है।
जहां तक सिंधिया परिवार की राजनीति की बात है, तो इस परिवार में स्पष्ट रूप से नियम है। एक समय में परिवार में एक से ज्यादा व्यक्ति राजनीति नहीं करेगा। जिस दिन मेरा पुत्र राजनीति में प्रवेश करना चाहेगा, मैं उस दिन राजनीति से अलविदा कह दूंगा।
सवाल- यह चुनाव देश, प्रदेश और गुना के लिए क्यों और कितना महत्वपूर्ण है?
जवाब- यह चुनाव इस प्रदेश के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि डबल इंजन की सरकार बनेगी, तभी प्रदेश आगे बढ़ पाएगा। केंद्र के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारत को अगर विश्व गुरु और आत्मनिर्भर भारत विकसित देश के रूप में परिवर्तित करना है, तो वह एक ही व्यक्ति कर सकता है, वो हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
आज देश में ट्रिपल इंजन की सरकार की जरूरत है। केंद्र में मोदी जी, प्रदेश में मोहन यादव और गुना शिवपुरी में भारतीय जनता पार्टी। हमें क्षेत्र में विकास, प्रगति सुनिश्चित करना है। जिस सड़क पर हम चल रहे हैं। यहां पर कभी सड़क नहीं होती थी। यह हमने बनवाई। ये बिजली के खंभे हमने लगवाए। यह पूरा क्षेत्र अंधेरे में रहता था। बिजली का सब स्टेशन हमने बनवाया।
सवाल- आपके हिसाब से सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा क्या है?
जवाब- सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है इस देश का विकास और प्रगति सुनिश्चित करना। देश की एकता और अखंडता सुनिश्चित करना। लोग कह रहे थे कि ये लोग 370 हटाने का सपना देख रहे हैं। लोगों ने यह भी कहा था कि खून खराबा हो जाएगा। खून की नदियां बहेंगी। आज कश्मीर में पर्यटन ऐसा बढ़ रहा है कि विश्वभर के लोग आ रहे हैं।
एक-एक व्यक्ति का सपना पूरा हो गया। भगवान राम का मंदिर बन गया। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा हो गई। 500 साल पुराना सपना पूरा हो गया। 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन मिल रहा है। 4 करोड़ प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं। 30 करोड़ आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। ये प्रधानमंत्री में 10 साल में करिश्मा करके दिखाया है।
