महिला सशक्तिकरण सैद्धांतिक नहीं, कार्य रूप में परिणित करने का विषय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

0
Spread the love

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज विश्व के कई देशों के लिए महिला सशक्तिकरण चर्चा का विषय हो सकता है, लेकिन भारत देश के संदर्भ में महिला सशक्तिकरण प्राचीन काल से आराधना का विषय भी रहा है। हमारे भारतीय समाज में महिलाओं के लिए आदर कोई सैद्धांतिक विषय नहीं है, महिलाओं को सशक्त बनाने का संकल्प कार्य रूप में परिणित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं के लिए एक तिहाई जनप्रतिनिधित्व पर जोर दिया है। मध्यप्रदेश सरकार भी शासकीय सेवाओं में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर रही है। प्रदेश में नए-नए उद्योग आ रहे हैं, इनमें भी महिलाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिल रहा है। रेडीमेड गारमेंट उद्योग में कार्य करने वाली बहनों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजना के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। सत्य साईं महिला महाविद्यालय जैसे उच्च शिक्षण संस्थान बधाई के पात्र हैं, जो नेशनल असेसमेंट एंड एक्रीडिटेशन कॉउंसिल (नैक) द्वारा ए प्लस ग्रेड प्राप्त है। इस महाविद्यालय की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होना एक विशेष उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को सत्य साईं महाविद्यालय, भेल भोपाल के स्वर्ण जयंती महोत्सव और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महाविद्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण और आइ.टी. और ए.आइ रिसर्च लैब के लिए राज्य शासन द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनों और बेटियों के बिना संसार सूना है। महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है। आज भारत पूरे विश्व को महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दे रहा है। देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर जनजातीय समाज की बहन आसीन हैं। विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के सम्मान और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। हमारे राष्ट्र की संस्कृति प्राचीन समय से महिलाओं के सम्मान के कारण जानी जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अध्यात्म के क्षेत्र में रहते हुए पूज्य सत्य साईं महाराज ने उच्च शिक्षा को भी प्रोत्साहित किया। उनकी प्रेरणा से भोपाल में इस महाविद्यालय की स्थापना और प्रगति आनंद का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सत्य साईं महाराज की इस वर्ष 23 नवम्बर को जन्मशती पर आंध्रप्रदेश के पुट्टपर्थी सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। सनातन की ध्वजा धारण करने वाले महापुरूष समाज कल्याण के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वूपर्ण योगदान देते रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्पूर्ण महाविद्यालय परिवार को रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर बधाई दी।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमक्कड़ और अर्द्धघुमन्तु राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने विभिन्न प्रतिभाओं को पुरस्कृत किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। महाविद्यालय की प्रगति का प्रतिवेदन प्राचार्य डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने प्रस्तुत किया। स्वर्ण जयंती महोत्सव में सत्य साईं संगठन के पदाधिकारी श्री निमिष पंड्या, श्री जम्मू भंडारी, श्रीमती मीना पिम्पलापुरे सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481