संभल हिंसा: मस्जिद में दूसरे सर्वे के दौरान कैसे माहौल हुआ ख़राब

उत्तर प्रदेश के संभल में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हुई हिंसा का केंद्र थी शाही जामा मस्जिद.
इस मस्जिद से क़रीब एक किलोमीटर दूर कोट मोहल्ले में 10 ग़ज़ में बने एक तीन मंज़िला मकान के बाहर ख़ामोश महिलाओं की भीड़ है.
संभल की हिंसा में 17 साल के अयान की गोली लगने से मौत हो गई थी. बाहर दीवार से टिककर उनकी मां नफ़ीसा ख़ामोश बैठी हैं.
विधवा नफ़ीसा के दो बेटों में से अयान छोटा था. एक होटल पर बर्तन धोकर मां के लिए भोजन की व्यवस्था करता था.
अयान के चचेरे भाई बताते हैं, “संभल में हुए बवाल में हमारा सबसे छोटा भाई चला गया. हम मज़दूर हैं, हम किससे इंसाफ़ मांगेंगे और अगर मांगेंगे भी तो हमें मिलेगा क्या?”
