जब कोदो बने कातिल: बांधवगढ़ के हाथियों की दर्दनाक मौत और इंसानों की बढ़ती चिंता
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व – पिछले हफ्ते उमरिया जिले के जंगलों में हाथियों की मौत का एक ऐसा मंजर सामने आया जिसने जंगल की फिजाओं से लेकर गांवों के चौपाल तक को हिला कर रख दिया है। ताज़ा फॉरेंसिक रिपोर्ट में पता चला है कि इन हाथियों की मौत का कारण कोदो बाजरा में मौजूद साइक्लोपियाजोनिक एसिड नाम का जहर था। इस रिपोर्ट के बाद से गांव के हर व्यक्ति के मन में एक ही सवाल कौंध रहा है – “जब हमारे हाथी नहीं बच पाए तो हम क्या चीज़ हैं?”

नीरज कुमार तिवारी
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व – पिछले हफ्ते इस रिजर्व में घटी घटना ने जैसे पूरे जंगल की रूह तक को हिला दिया है। तीन दिनों में दस हाथियों की मौत ने न केवल वन्य जीवन की संवेदनशीलता को उजागर किया है, बल्कि इंसानों के प्रकृति के साथ संबंध पर भी कई गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट के अनुसार इन हाथियों ने कोदो बाजरे के दानों का सेवन किया था, जिसमें साइक्लोपियाजोनिक एसिड नामक घातक तत्व पाया गया। यह ज़हर उनके विशाल और शक्तिशाली शरीरों को पल भर में परास्त कर गया।
कोदो बाजरे का खौफ: मौत की ख़ामोशी और ग्रामीणों की चिंताएं
जंगल में जहां कभी हाथियों की गूंजती चिंघाड़ सुनाई देती थी, अब वहां खामोशी पसरी हुई है। जिन ग्रामीणों के खेतों में ये हाथी कभी अपनी भूख मिटाते थे, वे अब अपने ही अन्न को संदेह की नज़र से देख रहे हैं। उनकी चिंता गहरी है – अगर हाथियों की जान इस ज़हर ने ले ली, तो इंसान का क्या होगा? क्या प्रकृति हमें चेतावनी दे रही है, या यह महज़ एक दुर्घटना है?
