मंत्री गोविंद राजपूत को नहीं पता उनके प्रभार वाले जिले में जिंदा मरीज को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया

मंत्री गोविंद राजपूत को नहीं पता उनके प्रभार वाले जिले में जिंदा मरीज को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
-बोले, मैं बाहर था, मेरी जानकारी में नहीं है यह मामला, मैं पता करता हूं, मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी
फोटो-मेडिकल कालेज पहुंची गोविंद राजपूत
नईदुनिया प्रतिनिधि शिवपुरी।
शिवपुरी में 17 मार्च से रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन अंतर्गत चल रहे मेगा शिविर में शुक्रवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के मंत्री राकेश शुक्ला पहुंचे। इस दौरान मीडिया ने गुना के प्रभारी मंत्री गोविंद राजपूत से पिछले दिनों गुना में एक जीवित व्यक्ति को डाक्टरों द्वारा मृत घोषित करने के मामले में सवाल किया तो उनको इस मामले की जानकारी तक नहीं थी।
उल्लेखनीय है कि 11 मार्च को जान पारदी नाम के एक 30 वर्षीय युवक ने मानसिक प्रताड़ना के चलते किसी कारण से सल्फास खा लिया था। जान पारदी को उपचार के लिए गुना अस्पताल भर्ती करवाया गया था। वहां बेहोश जान को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और पीएम के लिए पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया। जब डाक्टर वहां पीएम के लिए पहुंचे तो जान को अचानक से होश आ गया और वह वहां से नग्न अवस्था में ही भाग निकला व अपनी जान बचाई। शुक्रवार को जब शिवपुरी के स्वास्थ्य शिविर में गुना जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद राजपूत शिविर का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे तो मीडिया ने उनसे इस मामले पर सवाल पूछते हुए चिकित्सकीय और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सवाल किया, परंतु हैरानी उस समय हुई जब गुना के प्रभारी मंत्री गोविंद राजपूत ने जवाब देते हुए कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में ही नहीं है। इसके अलावा उन्होंने शिवपुरी में पीडीएस के खराब चावल व गेहूं की सप्लाई से संबंधित सवाल पर पर भी यही कहकर पल्ला झाड़ लिया कि मामला आपके द्वारा मेरे संज्ञान में लाया गया है। हम इसकी भी जांच करवा लेंगे।
