भोपाल की नई गाइडलाइन पर मंत्री-विधायकों की आपत्ति
भोपाल में प्रॉपर्टी की नई गाइड लाइन को लेकर बुधवार को जिला मूल्यांकन समिति की बैठक होगी। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होने वाली बैठक में गाइड लाइन पर फाइनल मुहर लगेगी। इसके बाद प्रस्ताव राज्य स्तरीय कमेटी को भेजा जाएगा और फिर CM डॉ. मोहन यादव अंतिम निर्णय लेंगे। वर्तमान में प्रस्तावित गाइड लाइन को लेकर आम जनता से लेकर मंत्री-विधायकों तक को आपत्ति है। 100 से ज्यादा इलाकों में रेट 50 प्रतिशत या इससे ज्यादा बढ़ाने से उनकी नाराजगी है।
आज शाम को कलेक्टोरेट में होने वाली बैठक में यह मुद्दा उठेगा। बता दें कि इस साल भोपाल की 621 प्राइम लोकेशन्स पर प्रॉपर्टी की गाइडलाइन दरें बढ़ाने का प्रस्ताव आया है। इसका सीधा मतलब है कि रजिस्ट्री महंगी होगी। स्टांप ड्यूटी का खर्च भी बढ़ जाएगा। ऐसे में महंगाई के इस दौर में अपना घर खरीदने का सपना देखने वालों को अब पहले से ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा बढ़ेंगे रेट
जानकारी के अनुसार निर्मल सिटी, निशातपुरा रोड, मुर्गी बाजार, समर ग्रीन में 181% बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। वहीं, यशोदा नगर, भोपाल टॉकीज से सेफिया रोड, मालीपुरा, माया विहार, पाल विहार, रेत घाट से वीआईपी रोड, कबाड़खाना, गौतम नगर, पंचशील नगर, न्यू मार्केट, रोशनपुरा, सेवनिया गौंड, चौकी बरखेड़ी, एयरोसिटी परिसर, बेहटा, दामखेड़ा समेत में रेट बढ़ेंगे।
इसके अलावा कोलार रोड, बंजारी, अकबरपुर, बावड़ियाकलां, मिसरोद, एयरपोर्ट, अयोध्या बायपास में भी गाइड लाइन बढ़ाने का प्रस्ताव है।

भौंरी क्षेत्र में 58 प्रतिशत कटौती का प्रस्ताव्र
एक ओर जहां सैकड़ों इलाकों में प्रॉपर्टी के रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है। वहीं, दूसरी ओर भौंरी क्षेत्र में गाइड लाइन को 58 प्रतिशत तक कम करने का प्रस्ताव भी लाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि जहां सरकार के बड़े प्रोजेक्ट हैं, वहां पर रेट घटाना समझ से बाहर है। भौंरी क्षेत्र की 3700 एकड़ में प्रदेश की पहली एआई एंड नॉलेज सिटी प्रस्तावित है। इसे लेकर किसानों ने भोपाल कलेक्टर के पास जाकर आपत्ति भी दर्ज कराई थी।
लगातार दूसरे साल गाइडलाइन बढ़ाने की तैयारी
भोपाल जिला मूल्यांकन समिति 12 महीने में दूसरी बार गाइडलाइन बढ़ाने की तैयारी में है। इसके पहले 1 हजार 312 लोकेशन पर औसत 11% गाइडलाइन बढ़ाई थी। इनमें सुल्तानिया रोड, गांधीनगर, दानिश हिल्स, मैकेनिकल मार्केट, नयापुरा, जहांगीराबाद समेत अन्य इलाके शामिल हैं।
इतनी लोकेशन का ड्राफ्ट जारी
कुल 2175 लोकेशन का ड्राफ्ट जारी किया गया है। नगर निगम सीमा में 607 लोकेशन पर प्रॉपर्टी के रेट 5% से लेकर 181% तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। पंजीयन विभाग ने 628 लोकेशन पर दरें बढ़ाने और 795 लोकेशन को मर्ज करने का प्रस्ताव दिया है, जिससे इन क्षेत्रों में भी दाम बढ़ेंगे। ड्राफ्ट के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी भानपुर स्थित निर्मल सिटी में प्रस्तावित है, जहां दर 6400 रुपए प्रति वर्गमीटर से बढ़ाकर 18 हजार रुपए की गई है, यानी 181% तक वृद्धि।

भोपाल में 4 सब-रजिस्ट्रार ऑफिस
जिले में जमीन और मकान से जुड़े दस्तावेजों का रजिस्ट्रेशन उप पंजीयक कार्यालयों में होता है। लोगों की सुविधा के लिए भोपाल शहर में चार उप पंजीयक कार्यालय काम कर रहे हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए संपदा 2.0 का नया ऑनलाइन सिस्टम लागू किया गया है।
इस सिस्टम में रजिस्ट्रेशन से पहले संपत्ति का वास्तविक स्थल निरीक्षण किया जाता है। जियो-टैगिंग के जरिए फोटो अपलोड की जाती है। इससे संपत्ति की सही लोकेशन और जानकारी की पुष्टि हो सके और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बने।
इन कारणों से बढ़ सकती हैं गाइडलाइन दरें
टीएंडसीपी से स्वीकृत नई कॉलोनियों और आम जनता की सुविधाओं के कारण 38 लोकेशन प्रभावित हुईं। नए राष्ट्रीय राजमार्ग, बायपास और रिंग रोड बनने से 18 लोकेशन पर असर पड़ा। वहीं नए औद्योगिक और विशेष आर्थिक क्षेत्रों की स्थापना से 3 लोकेशन प्रभावित पाई गईं।
इस तरह जिले की कुल 621 लोकेशनों पर दर वृद्धि का प्रस्ताव है। इनमें कोलार रोड, अयोध्या बायपास, रायसेन रोड, भोपाल बायपास और कई पॉश इलाके शामिल हैं, जहां प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो सकता है।
