किसान आज दिल्ली कूच करेंगे; सुप्रीम कोर्ट ने AAP-कांग्रेस कैंडिडेट को चंडीगढ़ मेयर घोषित किया; महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण बिल पास

0
Spread the love

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले की रही। इसके लिए अदालत में ही बैलट पेपर्स की गिनती हुई। एक खबर मराठा आरक्षण की रही, जिससे जुड़ा बिल महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र में पास हुआ।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. दिल्ली में 9वें रायसीना डायलॉग की शुरुआत होगी। 23 फरवरी तक चलने वाली कॉन्फ्रेंस में 115 देशों के 2500 से ज्यादा लोग शामिल होंगे।
  2. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिन के दौरे पर मुंबई पहुंचेंगे। यहां संगठन के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

1. कंक्रीट बैरिकेड्स तोड़ने वाली मशीनें लेकर शंभू बॉर्डर पहुंचे किसान, आज दिल्ली कूच करेंगे

पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसान हैवी मशीनें लेकर पहुंचे हैं।
पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसान हैवी मशीनें लेकर पहुंचे हैं।

पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर 8 दिन से आंदोलन कर रहे किसान आज दिल्ली कूच करेंगे। वे हरियाणा पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ने के लिए JCB और क्रेन जैसी हैवी मशीनरी लेकर पहुंचे हैं। इसके अलावा आंसू गैस के गोलों से बचने के लिए डिजाइन की गई पोकलैंड मशीन भी लाई गई है। शंभू बॉर्डर पर सीमेंट के गार्डर और कंटीले तार बिछाकर 7 लेयर बैरिकेडिंग की गई है।

दिल्ली कूच का ऐलान क्यों: किसानों ने दिल्ली कूच का फैसला 18 फरवरी को केंद्र से हुई मीटिंग के बाद लिया है। इस दिन केंद्र ने 5 फसलों- कपास, मक्का, मसूर, अरहर और उड़द पर MSP देने का प्रस्ताव दिया था, जिसे किसान खारिज कर चुके हैं। केंद्र और किसानों के बीच 8, 12 और 15 फरवरी की बातचीत भी बेनतीजा रही थी।

2. SC ने AAP-कांग्रेस कैंडिडेट को चंडीगढ़ मेयर घोषित किया, चुनाव अधिकारी को नोटिस

CCTV फुटेज 30 जनवरी का है। इसमें चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन के चुनाव अधिकारी अनिल मसीह बैलट पेपर्स पर निशान लगाते नजर आ रहे हैं।
CCTV फुटेज 30 जनवरी का है। इसमें चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन के चुनाव अधिकारी अनिल मसीह बैलट पेपर्स पर निशान लगाते नजर आ रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने AAP-कांग्रेस के कैंडिडेट कुलदीप कुमार को चंडीगढ़ का मेयर घोषित किया है। कोर्ट ने चुनाव अधिकारी अनिल मसीह को नोटिस देते हुए कहा कि आपने अदालत में झूठ बोला। मसीह ने जानबूझकर 8 बैलट पेपर्स को खराब किया था। वहीं दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने कहा- लोकतंत्र को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का फैसला अहम है।

इससे इतर क्या स्थिति होती: अगर सुप्रीम कोर्ट ने बैलट पेपर्स की रीकाउंटिंग की बजाय दोबारा वोटिंग का आदेश दिया होता, तो भाजपा बहुमत से जीत जाती, क्योंकि AAP के 3 पार्षद चुनाव के बाद भाजपा में शामिल हो चुके हैं। मेयर के लिए 30 जनवरी को वोटिंग हुई थी। यहां AAP-कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा। वोटिंग के बाद चुनाव अधिकारी अनिल मसीह ने रिजल्ट की घोषणा की। जिसमें भाजपा के कैंडिडेट मनोज सोनकर को 16 वोट मिले। वहीं विपक्ष के कैंडिडेट कुलदीप कुमार को 12 वोट मिले थे।

3. महाराष्ट्र विधानसभा में मराठा आरक्षण बिल पास, 10% रिजर्वेशन देगी शिंदे सरकार

मराठा आरक्षण बिल पास होने के बाद मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर जश्न मनाया गया।
मराठा आरक्षण बिल पास होने के बाद मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर जश्न मनाया गया।

महाराष्ट्र विधानसभा में मराठाओं को 10% आरक्षण देने का बिल पास हो गया। अब इसे विधान परिषद में पेश किया जाएगा। राज्य में 52% आरक्षण पहले से है। वहीं मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने कहा- जो बिल पास हुआ, वह हमारी मांग के अनुरूप नहीं है। सुप्रीम कोर्ट इसे नहीं मानेगा, हमें OBC कोटे के तहत आरक्षण चाहिए।

क्या है पूरा मामला: महाराष्ट्र में एक दशक से मराठा आरक्षण की मांग चल रही है। इसके लिए राज्य सरकार ने 2018 में कानून बनाया और मराठा समाज को नौकरियों और शिक्षा में 16% आरक्षण दिया। जून 2019 में बॉम्बे हाईकोर्ट ने इसे कम करते हुए शिक्षा में 12% और नौकरियों में 13% आरक्षण फिक्स किया। हाईकोर्ट ने कहा था कि अपवाद के तौर पर राज्य में सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित 50% आरक्षण की सीमा पार की जा सकती है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी।

4. UP में सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन पर मतभेद, 3 सीटों पर अटका मामला
UP में विपक्षी गठबंधन (I.N.D.I.A.) के तहत सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर अब तक सहमति नहीं बन सकी है। सपा ने कांग्रेस को 17 सीटें ऑफर की हैं। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने पश्चिमी UP की अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद लोकसभा सीटों पर दावा किया है। ये सीटें ऑफर की गईं 17 सीटों में शामिल नहीं हैं। राहुल गांधी की न्याय यात्रा आज लखनऊ पहुंचेगी। हालांकि, अखिलेश पहले ही कह चुके हैं कि वे सीट बंटवारे के बाद ही यात्रा में शामिल होंगे।

सपा की तीसरी लिस्ट जारी: सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 5 प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी की है। कैराना से इकरा हसन, बदायूं से धर्मेंद्र यादव की जगह शिवपाल यादव, बरेली से प्रवीण सिंह ऐरन, हमीरपुर से अजेंद्र सिंह राजपूत और वाराणसी से सुरेंद्र सिंह पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है। इससे पहले सपा ने 17 और 11 उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी की थी। अब तक सपा कुल 32 उम्मीदवार उतार चुकी है।

5. सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा सांसद बनीं, राजस्थान में भाजपा ने भी दो सीटें जीतीं

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा से सांसद बनी हैं। उन्हें कांग्रेस ने राजस्थान से प्रत्याशी बनाया था। वहीं, BJP के दोनों प्रत्याशी मदन राठौड़ और चुन्नीलाल गरासिया भी राज्यसभा के सदस्य बन गए हैं। तीनों कैंडिडेट्स निर्विरोध चुने गए। नाम वापसी का समय पूरा हो जाने पर चुनाव अधिकारी ने इनकी जीत का ऐलान किया।

राजस्थान से कांग्रेस के 6 राज्यसभा सांसद: इस परिणाम के बाद भी राजस्थान से राज्यसभा में कांग्रेस का बहुमत बरकरार रहेगा। अभी तक राज्यसभा की 10 सीटों में से कांग्रेस के पास 6 और भाजपा के पास 3 सीटें हैं।

6. संदेशखाली पर बंगाल सरकार को हाईकोर्ट की फटकार, कहा- शाहजहां को अभी तक क्यों नहीं पकड़ा
कलकत्ता हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने संदेशखाली मामले पर पश्चिम बंगाल सरकार को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा, ‘TMC नेता शाहजहां ने लोगों को नुकसान पहुंचाया। उस पर रेप और जमीन हड़पने के आरोप हैं। यह चौंकाने वाला है कि समस्या की जड़ में मौजूद एक आदमी अभी तक पकड़ा नहीं गया। उसके खिलाफ भले ही हजारों झूठे आरोप हो, लेकिन इनमें एक भी आरोप सही है तो आपको जांच करनी चाहिए।’

शुभेंदु अधिकारी संदेशखाली पहुंचे: हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के आदेश के बाद भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को संदेशखाली पहुंचे। डिवीजन बेंच ने उन्हें जाने की इजाजत देते हुए शर्त रखी कि शुभेंदु के साथ सिर्फ उनकी सिक्योरिटी के लोग ही हिंसा प्रभावित इलाके में जाएंगे। हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने सोमवार को उन्हें संदेशखाली जाने की इजाजत दी थी। इसके खिलाफ बंगाल सरकार कोर्ट पहुंची थी।

7. भारत से यूरोप में डीजल सप्लाई घटी, लाल सागर में हूतियों के हमलों से शिपिंग चार्ज बढ़ा
भारत से यूरोप के लिए होने वाली डीजल की सप्लाई पिछले 2 सालों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। फरवरी के शुरुआती 2 हफ्तों में भारत से रोज करीब 18 हजार बैरल डीजल यूरोप पहुंचा। यह जनवरी में हुई औसत डिलीवरी से करीब 90% कम है। लाल सागर में हूती विद्रोही लगातार हमले कर रहे हैं। इस वजह से एशिया से यूरोपियन यूनियन (EU) और ब्रिटेन जाने वाले कार्गो के शिपिंग चार्ज बढ़ गए हैं।

मैप में भारत से जहाजों के यूरोप पहुंचने के दोनों रास्तों को समझिए…

भारत का 80% व्यापार समुद्री रास्ते से: ग्लोबल ट्रेड का करीब 12% ट्रैफिक हर साल लाल सागर के स्वेज कैनाल से होकर गुजरता है। हूती विद्रोहियों के हमलों से यूरोप और एशिया के बीच मुख्य मार्ग पर इंटरनेशनल ट्रेड प्रभावित हुआ। भारत का 80% व्यापार समुद्री रास्ते से होता है। वहीं 90% ईंधन भी समुद्री मार्ग से ही आता है। समुद्री रास्ते में हमले से भारत के कारोबार पर सीधा असर पड़ता है। इससे सप्लाई चेन बिगड़ने का खतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481