*राह चलती युवतियों पर हमला करने वाला सीरियल कटर बदमाश भोपाल पुलिस की गिरफ्त में

*पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश*
*जनसंपर्क कक्ष*
*समाचार*
*राह चलती युवतियों पर हमला करने वाला सीरियल कटर बदमाश भोपाल पुलिस की गिरफ्त में*
*150 से अधिक पुलिसकर्मियों की सतत कार्रवाई, 900 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी को किया गिरफ्तार*
*डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने कार्यवाही में शामिल पूरी टीम को 50 हजार रूपए के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की*
भोपाल, 05 फरवरी 2026। भोपाल शहर में राह चलती युवतियों को निशाना बनाकर कटर से हमला करने वाले आदतन अपराधी को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। इस सफलता पर पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने भोपाल पुलिस टीम को 50 हजार रूपए के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि आरोपी देवेन्द्र अहिरवार द्वारा 29 जनवरी की रात्रि सोनागिरी, पिपलानी तथा अयोध्यानगर थाना क्षेत्र में कुल चार युवतियों पर कटर से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। उक्त घटनाओं के संबंध में थाना पिपलानी एवं थाना अयोध्यानगर में पृथक-पृथक चार अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटनाओं की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार के निर्देशन में अति. पुलिस आय़ुक्त श्री अवधेश गोस्वामी के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया। जोन-स्तर एवं क्राइम ब्रांच की कुल 40 टीमों में लगभग 150 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी लगाए गए। पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर व्यापक जांच की गई। लगभग 900 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, 600 से अधिक पुराने बदमाशों का सत्यापन किया गया तथा करीब 100 संदिग्धों को पूछताछ हेतु राउंड-अप किया गया। आरोपी के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसका हुलिया एवं फोटो सार्वजनिक कर गिरफ्तारी हेतु 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।
लगातार सघन खोज अभियान के दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर अयोध्या बायपास, छोलामंदिर क्षेत्र के समीप जंगल क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी देवेन्द्र अहिरवार पिता हरज्ञान अहिरवार, उम्र 37 वर्ष, निवासी घसेरा मोहल्ला राहतगढ़ जिला सागर, हाल निवासी पूजा कॉलोनी करोंद, भोपाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कटर, चोरी की गई मोटरसाइकिल, कपड़े एवं अन्य सामग्री जप्त की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने उक्त चार घटनाओं के अतिरिक्त वर्ष 2014 में सागर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी कटर से कई वारदातें की थीं। आरोपी द्वारा चार माह पूर्व करोंद सब्जी मंडी क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल का उपयोग इन घटनाओं में किया गया था।
पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
*क्रमांक-62/26 राजेश दाहिमा*
