मंत्री विजय शाह की कर्नल सोफिया पर टिप्पणी का मामला
जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान देने के मामले राज्य सरकार जल्द फैसला करेगी। संविधान एक्सपर्ट भी मानते हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है तो सरकार को अभियोजन का फैसला करना ही होगा। दूसरी ओर मोहन यादव सरकार और बीजेपी प्रदेश संगठन को इस मामले को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का इंतजार है।
सरकार के आला अफसरों की मानें तो इस मामले में कुछ न कुछ जल्द होने वाला है। सरकार सभी परिस्थितियों पर विचार कर रही है और केंद्रीय नेतृत्व को सभी तरह के हालातों से अवगत करा दिया है। अफसरों का भी कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का इंतजार किया जा रहा है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने दिल्ली प्रवास के दौरान भी इस मामले में केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की है और केंद्रीय नेतृत्व के फैसले के आधार पर आगे की कार्यवाही के लिए कहा है।
चूंकि पूरा मामला कैबिनेट मंत्री की अभियोजन स्वीकृति का है, जिसके लिए मुख्यमंत्री का अनुमोदन जरूरी है, इसलिए फैसला मुख्यमंत्री को ही लेना है। सामान्य प्रशासन विभाग के अफसरों का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई निर्देश नहीं आए हैं। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 19 जनवरी को राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि विजय शाह के विरुद्ध एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर लंबित अभियोजन स्वीकृति पर दो सप्ताह के अंदर निर्णय लिया जाए। यह अवधि 2 फरवरी को पूरी हो गई है लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं हो सका है।

इधर इस मामले में विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव और संविधान विशेषज्ञ भगवान देव इसराणी का कहना है कि सरकार को फैसला तो लेना ही पड़ेगा क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का मामला है और कोर्ट ने अभियोजन स्वीकृति देने को कहा है तो देना भी पड़ेगा। यह अलग बात है कि अभी दो तीन का वक्त है तो सरकार सभी पक्षों पर विचार कर रही होगी।
9 फरवरी को होगी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
सरकार के सूत्रों को कहना है कि सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई 9 फरवरी को है, लेकिन कार्यदिवस के आधार पर 2 सप्ताह की मोहलत 5 फरवरी तक है। इसलिए सरकार के पास अभी 3 दिन का वक्त है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित एसआईटी 6 माह पहले ही अपनी अंतिम जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को भेज चुकी है। रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि के साथ ही मुकदमा चलाने की स्वीकृति देने की सिफारिश की गई है।
