धार के मनावर में नपा कर्मचारी की गोली मारकर हत्या:आरोपी के बेटे को नौकरी से निकालने पर विवाद, दफ्तर में घुसकर किया फायर
धार जिले के मनावर में नगर पालिका परिषद के कर्मचारी की हत्या कर दी गई। आरोपी ने कर्मचारी को दफ्तर में घुसकर गोली मारी। उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महेंद्र त्रिवेदी (50) आवक जावक कार्यालय में अपना काम कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे आरोपी नरेंद्र डोली वहां पहुंचा और देसी कट्टे से फायर कर दिया। गोली महेंद्र के सीने में लगी। नजदीकी अस्पताल से उसे जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया। जहां दोपहर करीब 1 बजे उसकी मौत हो गई।
जानकारी लगते ही SDOP धीरज बब्बर, TI कमलेश सिंघार मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए टीम भेजी गई है।

आरोपी का बेटा आउटसोर्स कर्मचारी था
SDOP धीरज बब्बर ने बताया, ‘नरेंद्र डोली का बेटा कृष्णा मनावर नगर पालिका में आउटसोर्स पर काम करता था। उसे पिछले साल निकाल दिया गया था। इसी बात को लेकर नरेंद्र और महेंद्र में विवाद चल रहा था।’
वारदात के दौरान मौके पर मौजूद नरेंद्र जाट और कपिल भाटी ने बताया कि आरोपी एक गोली मारने के बाद महेंद्र पर दूसरा फायर भी करना चाहता था। महेंद्र के चिल्लाने पर वह दूसरी गोली चलाए बिना ही भाग गया।
