रंगदारी का केस सुलझा रही थी पुलिस, इंस्पेक्टर ने एक आवाज सुनी और हिल गई क्रिकेट की दुनिया; क्या था काला सच

यह वर्ष 2000 का वाकया है जब सात अप्रैल को सट्टेबाज राजेश कालरा की गिरफ्तारी के साथ दिल्ली पुलिस ने साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम के कप्तान हैंसी क्रोनिए के मैच फिक्सिंग घोटाले में शामिल होने का खुलासा किया तो दुनिया हैरान रह गई. कोई दूसरा होता तो शायद लोग आसानी से यकीन कर लेते. लेकिन साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के कप्तान हैंसी क्रोनिए? वह क्रिकेट में जननायक की तरह थे, बच्चे उनके नक्शेकदम पर चलने का सपना देखते थे. लेकिन वह शख्स भारत में मैच फिक्सिंग का आरोपी है इसे पचा पाना आसान नहीं था.
जननायक के पतन से बड़ा सदमा दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमियों के लिए शायद ही कोई हो. दिल्ली पुलिस ने खुलासा किया था कि मार्च 2000 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया एक वनडे मैच फिक्स था. पुलिस ने लंदन में रहने वाले बुकी संजीव चावला और हैंसी क्रोनिए के बीच फोन पर हुई बातचीत टैप की थी. इसी बातचीत में पता चला कि फिक्सिंग के लिए पैसों के लेन-देन हुआ था.
