CEO अनुपम राजन आज 3 संभागों का करेंगे रिव्यू:14 जिलों के कलेक्टर-SP, जिपं CEO से वोटिंग परसेंट बढ़ाने पर होगी चर्चा

मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शनिवार को भोपाल, सागर और नर्मदापुरम संभाग के 14 जिलों के कलेक्टर, एसपी और सीईओ जिला पंचायत की बैठक लेंगे। शांतिपूर्ण मतदान कराने के साथ वोटिंग परसेंट बढ़ाने के टारगेट पर इस बैठक में कलेक्टरों की तैयारियों की जानकारी सीईओ लेंगे। इसके साथ ही वल्नरेबल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों में की जाने वाली व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
चुनाव आयोग ने अब प्रदेश के 75 फीसदी मतदान केंद्रों में कैमरे लगाकर वेब कास्टिंग की परमिशन दी है। इसके चलते इन संभागों के जिलों में वेब कास्टिंग की संख्या बढ़ाने पर सीईओ कलेक्टरों से जानकारी लेंगे। इस बैठक में भोपाल संभाग के पांच, सागर संभाग के छह और नर्मदापुरम संभाग के तीन जिलों की चुनावी व्यवस्थाओं का रिव्यू किया जाएगा।
बैठक में मतदाता सूची, इपिक वितरण, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, ईवीएम, एमसीसी, शिकायत, लॉ एंड आर्डर, फोर्स मैनेजमेंट तथा जब्ती और कार्यवाही के साथ स्वीप एक्टिविटीज पर जिला वार समीक्षा की जाएगी। जिन जिलों की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा की जाने की तैयारी है।
उसमें सागर संभाग की दमोह, खजुराहो, टीकमगढ़, नर्मदापुरम की होशंगाबाद लोकसभा सीट पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है जबकि भोपाल, विदिशा, राजगढ़, सागर की नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हुई है। इसके पहले जबलपुर में रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों की समीक्षा बैठक में मतदान तैयारियों का रिव्यू दो दिन पहले किया गया है।
वोटर को मतदान केंद्र तक लाने पर फोकस
गर्मी के चलते इन संभागों में होने वाली वोटिंग के दिन मतदाता वोटिंग के लिए कम निकलेंगे, इस आशंका को लेकर भी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कलेक्टरों से उनके प्लान के बारे में जानकारी लेंगे कि गर्मी ज्यादा रही तो वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने को लेकर उनकी क्या तैयारी है?
चूंकि इस साल गर्मी अधिक पड़ने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं, इसलिए चुनाव आयोग के निर्देश के मद्देनजर मतदान केंद्रों के बाहर छांव की व्यवस्था कराने के लिए टेंट लगवाने और मतदाताओं को पीने के पानी व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया जा रहा है। समीक्षा बैठक में वोटर्स को घर से मतदान केंद्र तक निकालने के लिए जागरुकता कार्यक्रम करने को कहा जाएगा।
17 को ग्वालियर-चंबल संभाग की बैठक
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार 17 अप्रैल को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों की समीक्षा कर सकते हैं। इसके बाद इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों की समीक्षा की जाएगी और वहां चुनावी तैयारी के बारे में चर्चा होगी। इसके पहले सीईओ राजन जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग की बैठकें ले चुके हैं।
