भोपाल लोकसभा चुनाव…एक्टिव मोड में टीमें:अब तक ₹1.24 करोड़ की अवैध शराब-नकद जब्त; अब दिन-रात होगी चेकिंग

0
Spread the love

भोपाल के बैरसिया में शुक्रवार को एफएसटी टीम ने सवा लाख रुपए ले जाते हुए पकड़ा। इसकी जांच की जा रही है। - Dainik Bhaskar

लोकसभा चुनाव के चलते पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें एक्टिव मोड में है। आचार संहिता लगने के बाद अब 1.24 करोड़ रुपए की अवैध शराब और नकद राशि जब्त की जा चुकी है। इनमें 57 लाख की अवैध शराब और 59 लाख रुपए की नकदी भी शामिल हैं। नॉमिनेशन की प्रोसेस शुरू होते ही अब शहर के 21 पाइंट और 5 जिलों की 21 सीमाओं पर भी कड़ी चेकिंग शुरू हो गई है। दिन-रात टीमें अवैध शराब या ब्लैक मनी ले जाने वालों पर नजर रखेगी।

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि अब तक 59 लाख 74 हजार रुपए नकद राशि, 57 लाख 59 हजार 855 रुपए कीमत की अवैध शराब और 6 लाख 18 हजार रुपए कीमत के अन्य नशीले पदार्थ भी जब्त किए गए हैं। जिला प्रशासन की टीमें, पुलिस और आबकारी विभाग ने यह कार्रवाई की है। आचार संहिता तक यह कार्रवाई जारी रहेगी।

कलेक्टर बोले- बिना वजह नहीं रोका जाएगा

  • 50 हजार रुपए या उससे अधिक नकदी लेकर चलने वालों पर टीमों की नजर रहेगी। ऐसे में अगर आपके पास नकदी का हिसाब-किताब नहीं है, तो टीम उसे जब्त कर लेगी। इसके बाद नोटिस के जवाब में संबंधित को तय समय सीमा में हिसाब-किताब देना होगा। यानी यह पैसा कहां से आया और कहां ले जाया जा रहा था। उस पैसे का सोर्स सबूतों के साथ बताना जरूरी होगा।
  • सोना और चांदी के जेवर भी बिल के साथ रखना होगा। कलेक्टर सिंह ने बताया, बैंक के पैसे का निराकरण मौके पर ही करने के निर्देश दिए गए हैं। बैंक या उससे जुड़े लोगों को बिना वजह नहीं रोकने को कहा गया है।

इसलिए कार्रवाई

  • नॉमिनेशन की प्रोसेस शुक्रवार से शुरू हो गई। इसके साथ ही टीमें एक्टिव मोड में आ गई है। अब भोपाल से जुड़े 5 जिले- रायसेन, विदिशा, सीहोर, राजगढ़ और गुना जिलों की 19 सीमाओं पर भी टीमें तैनात रहेंगी।
  • चुनाव के दौरान बड़ी मात्रा में ब्लैक मनी का उपयोग होने की आशंका रहती है। इस कारण इस दौरान नकदी पर ज्यादा नजर रखी जाएगी।
  • अफसरों का कहना है कि चुनाव आयोग द्वारा लोगों को नकदी ले जाने या रखने से रोका नहीं गया है, उन्हें बस चैकिंग करने उसकी पूरी जानकारी उपलब्ध करना होता है। इससे जहां रुपयों के सोर्स का पता चलता है, वहीं राशि कहां खर्च होने वाली है, उसकी जानकारी भी मिलती है।
भोपाल लोकसभा सीट से पहला नामांकन जमा करते हुए प्रत्याशी मुदित भटनागर।
भोपाल लोकसभा सीट से पहला नामांकन जमा करते हुए प्रत्याशी मुदित भटनागर।

6 शहरी और 13 ग्रामीण सीमाएं
भोपाल से 5 जिलों की 19 सीमाएं लगती हैं। इनमें 6 सीमाएं शहरी क्षेत्र में हैं, जबकि 13 ग्रामीण क्षेत्रों में लगती हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान इन सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग के लिए जिला प्रशासन ने पुलिस के साथ प्लान तैयार किया है। इस प्लान पर अब अमल भी किया जाने लगा है। टीमें तैनात हो गई हैं।

शहर से ये सीमाएं जुड़ी

  • टोल नाके के पास बायपास तिराहा
  • हिनोतिया बीएसएफ रोड
  • फंदा टोल नाका खजूरी सड़क
  • गोल जोड़
  • रातीबड़ चौराहा
  • 11 मील चौराहा मिसरोद

ग्रामीण क्षेत्रों में ये सीमाएं

  • परवलिया सड़क थाने के सामने
  • सोराहा से आगे बैरसिया
  • विदिशा रोड बैरसिया
  • रामपुर बालाचोन
  • जूना पानी
  • कलारा
  • ग्राम उनिदा
  • सूरजपुरा जोड़
  • पार्वती पुल मेंगरा नवीन
  • बीलखों
  • डय्यन
  • बिलखिरिया पेट्रोल पंप के सामने
  • ग्राम देहरी

सबसे ज्यादा 11 सीमाएं बैरसिया में
सबसे ज्यादा 11 सीमाएं बैरसिया विधानसभा में बनाई जाएंगी। इसके बाद हुजूर में 5 सीमाएं रहेंगी। नरेला में भी 3 सीमाएं हैं। इस तरह 3 विधानसभाओं में ही 19 सीमा चौकियां बनाई जाएगी। गोविंदपुरा, भोपाल उत्तर, भोपाल मध्य और भोपाल दक्षिण-पश्चिम में कोई सीमाएं नहीं हैं। ये विधानसभा शहर के अंदर ही है। सीहोर विधानसभा में भी करीब 5 सीमाएं बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481