खुदकुशी का मामला:एनडीआरएफ कैंपस में एसएसबी आरक्षक ने बैरक में लगाई फांसी

शाहजहांनाबाद स्थित नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) कैंप में शनिवार की रात एक आरक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसआई पवन सेन के मुताबिक 35 वर्षीय सोनू यादव मूलत: इंदौर का रहने वाला था। वह वह एसएसबी में आरक्षक था।
उसकी एनडीआरएफ में पोस्टिंग थी। शनिवार की रात उसकी संतरी पहरा ड्यूटी थी, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं आया। साथी कर्मचारी उसे बुलाने के लिए उसके बैरक पहुंचे तो देखा वह पंखे से फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने ईदगाह हिल्स स्थित एनडीआरएफ कार्यालय पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पीएम के लिए भेज दिया। रविवार की दोपहर को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
मां बोली-बुढ़ापा खराब कर गया
मर्चूरी में सोनू यादव के पिता के साथ मां भी पहुंची थी। इस दौरान मां कहती रहीं मेरा हीरो बेटा सोनू चला गया। मेरा बुढ़ापा खराब कर गया। बेटे का शव देखकर वह बेसुध हो गईं थी। सोनू के दो बच्चे हैं।
करीबी रिश्तेदार का कॉल-सोनू के साथियों ने पुलिस को बताया कि आखिरी बार उसे एक कॉल पर बहस करते सुना था। यह कॉल उसके एक करीबी रिश्तेदार का था। कॉल पर बात करने के बाद वह बैरक में गया और सुसाइड कर लिया। कॉल किसका था इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की पुलिस जांच कर रही है।
गोडाउन में युवक फंदे पर झूला
टीटी नगर स्थित पीएंडटी चौराहा स्थित टेंट गोडाउन में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसका मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय राज उइके मूलत: अमलीखेड़ा गांव झागरिया जिला सीहोर का रहने वाला था। राज तीन महीने पहले काम की तलाश में भोपाल आया था। वह टेंट हाउस में नौकरी करने लगा था। टेंट गोडाउन में ही रहता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
