रायसेन में भोपाल जा रही चार्टर्ड बस ने बाइक सवार को रौंदा, मौत; गुस्साए लोगों ने बस में की तोड़फोड़

0
Spread the love

रायसेन में जबलपुर से भोपाल की ओर जा रही चार्टर्ड बस ने एक बाइक सवार को रौंद दिया। इससे बाइक सवार की बस के नीचे दबने से मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने बस में तोड़फोड़ कर दी। घटना सांची रोड पर स्थित माखनी गांव में रात 9 बजे की है।

चतर सिंह (60) बाइक से अपने गांव माखनी जा रहे थे। बाइक सवार की मौत से ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने बस कांच फोड़ दिए। सूचना मिलने पर थाना कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी।

तरुण राठी को संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बनाया, रुचिका चौहान अपर सचिव नियुक्त

मध्यप्रदेश शासन ने गुरुवार को तीन आईएएस अफसरों का तबादला किया है। जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान (वाल्मी) भोपाल के संचालक तरुण राठी को प्रदेश का संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं अब तक ये जिम्मेदारी संभाल रहीं रूचिका चौहान को अपर सचिव मध्यप्रदेश शासन बनाया गया है।

वहीं एक अन्य आदेश में भोपाल विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप केरकेट्टा को उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन पदस्थ किया है।

शाजापुर में हादसे में मां-बेटे और दो साल के बच्चे की मौत

शाजापुर जिले के शुजालपुर में कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार मां, बेटे और दो साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसा जेठड़ा जोड़ के पास शाम करीब 5 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शी पवन रायकवार ने बताया कि कार शुजालपुर की ओर से आ रही थी। उसकी टक्कर से महिला बाइक से उछल कर सड़क किनारे दूर जा गिरी।

बाइक सवार राहुल सिंह और उसकी मां माता सुगन बाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके भाई का 2 साल का बेटा रोशन गंभीर घायल हो गया। उसे शुजालपुर सिटी सिविल अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार शुजालपुर के एक मोबाइल व्यवसायी ऋतिक पांचाल की बताई जा रही है।

भोपाल में गैस सिलेंडर का वॉल्व लीकेज, 2 लोग मामूली रूप से झुलसे
भोपाल के गौतम नगर स्थित गणेश मंदिर के पास गुरुवार शाम घर में रखे घरेलू गैस सिलेंडर का वॉल्व लीकेज हो गया। इससे आग लग गई। आग बुझाने में अलफेज समेत दो व्यक्ति मामूली रूप से झुलस गए। इन्हें हमीदिया हॉस्पिटल में ले जाया गया। इधर, आग बुझाने के लिए कबाड़खाना और छोला फायर स्टेशन से दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पास में एक झोपड़ी में भी आग लग गई थी। उसे भी बुझाया गया।

हरदा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में एक आरोपी को जेल; पांच को पुलिस रिमांड पर सौंपा

हरदा में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट मामले में आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस पटाखा फैक्ट्री संचालक सोमेश अग्रवाल, रफीक खान उर्फ मन्नी पटेल, आशीष, अमन, अभिषेक अग्रवाल और आयुष गर्ग को लेकर कोर्ट में पहुंची। सिविल लाइन थाना टीआई संतोष चौहान ने बताया कि आरोपी रफीक खान को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। पांच अन्य आरोपियों को एक दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। बता दें कि इन आरोपियों की रिमांड आज खत्म हो गई थी।

हरदा में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में आरोपियों को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची।
हरदा में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में आरोपियों को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची।

ह्रदयेश श्रीवास्तव सीएम के उप सचिव बने, झाड़े होंगे अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन

सरकार ने माध्यमिक शिक्षा मंडल में उपसचिव ह्रदयेश श्रीवास्तव को उप सचिव मुख्यमंत्री के पद पर पदस्थ किया है। वहीं आईएएस किरोड़ी लाल मीना को नगरीय विकास और प्रशासन विभाग में अपर आयुक्त नियुक्त किया है। उन्हें स्मार्ट सिटी भोपाल के सीईओ की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी हैं। मीना इससे पहले संचालक राज्य कम्प्यूटर सिक्योरिटी इंसीडेंट रिस्पांस टीम, एमडी स्वान, उप सचिव विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके आदेश जारी किए हैं। इसी तरह सतना जिला पंचायत सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े को अपर आयुक्त नगरीय विकास और आवास विभाग में पदस्थ किया है। आदेश में विनोद कुमार को कुटीर और ग्रामोद्योग के एसीएस, सिबी चक्रवर्ती को प्रबंध संचालक मेट्रो रेल कार्पोरेशन तथा अंशुल गुप्ता को एमडी स्वान की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अपने पूर्व के काम के साथ अतिरिक्त प्रभार के रूप में यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

महू में दो बाइक आपस में टकराई, नीचे गिरे दो लोगों को ट्रक ने कुचला, मौत

महू में राऊ-खलघाट फोरलेन पर दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर से नीचे गिरे दो बाइक सवारों को पास से जा रहे ट्रक ने कुचल दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा भाटखेड़ी गांव के पास दोपहर करीब दो बजे हुआ। गलत दिशा से आ रहे बाइक सवारों ने खरगोन की ओर से आ रही बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में दो अन्य घायल हैं। घटना के बाद सड़क पर पर लंबा जाम लग गया। पुलिस जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है।

इंदौर के महू में इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग

इंदौर के महू में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। स्कूटी पर बैठे युवक और बच्चों ने कूदकर जान बचाई। कुछ ही सेकंड में स्कूटी जलकर खाक हो गई। दोनों बच्चों को मामूली चोट आई है।

घटना मलेंदी गांव की है। यहां गुरुवार सुबह अशोक बनारसी 4 साल की भतीजी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। एक साल का भतीजा स्कूटी पर आगे बैठा था। भतीजी अशोक के पीछे बैठी थी। पंचायत भवन के सामने करीब 10:30 बजे स्कूटी से टायर फटने जैसी आवाज आई। समय रहते अशोक बच्चों के साथ गाड़ी से कूद गए। लोगों ने आग बुझाई।

अशोक ने बताया, डेढ़ साल पहले इंदौर से जितेंद्र कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। स्कूटी में दो बैटरी थी, जिसे वह चार्ज करके घर से निकला था। अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और गाड़ी में आग लग गई।

दोनों बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। बच्चों की मां उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची थीं।
दोनों बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। बच्चों की मां उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची थीं।

बालाघाट में रोड एक्सीडेंट में भालू की मौत

बालाघाट की लामटा फॉरेस्ट रेंज में किसी वाहन ने भालू को टक्कर मार दी।
बालाघाट की लामटा फॉरेस्ट रेंज में किसी वाहन ने भालू को टक्कर मार दी।

बालाघाट जिले के धापेवाड़ा वन क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पार कर रहे भालू को टक्कर मार दी। भालू की मौके पर ही मौत हो गई। वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार घटना लामटा वन प्रोजेक्ट क्षेत्र अंतर्गत धापेवाड़ा बीट में समनापुर मार्ग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भा​​​​​लू के चेहरे पर गंभीर चोट लगी है। पोस्टमॉर्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भोपाल में बोरवेल मशीन की चपेट में आए चार लोग, एक की मौत

भोपाल में बोरवेल मशीन ने बस को टक्कर मार दी। बस अनियंत्रित हो गई, जिसकी चपेट में सड़क किनारे खड़े चार लोग आ गए। इनमें से एक की मौत हो गई। तीन गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा गुरुवार सुबह रायसेन रोड पर सेम कॉलेज के सामने हुआ।

बोरवेल मशीन की टक्कर से बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
बोरवेल मशीन की टक्कर से बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।

शाजापुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बच्चों-महिलाओं समेत 12 से ज्यादा घायल

शाजापुर के दुपाड़ा गांव में ट्रैक्टर – ट्रॉली पलटने से 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसा गुरुवार सुबह हुआ। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी बज्जाहेड़ा से पचेटी माता पूजन के लिए जा रहे थे। दुपाड़ा के टर्न पर कार को साइड देने में ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली में 40 से ज्यादा लोग सवार थे। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है।

12 IPS के तबादले; बैतूल, उज्जैन, दतिया, नीमच के SP बदले

राज्य शासन ने बुधवार देर रात बैतूल SP सिद्धार्थ चौधरी को हटाते हुए 12 IPS के तबादला आदेश जारी किए हैं। डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर अरविंद सक्सेना को IG कानून व्यवस्था बनाया गया है। देखिए लिस्ट…

नाम वर्तमान पदस्थापना नवीन पदस्थापना
चंद्र शेखर सोलंकी आईजी खरगोन आईजी एसएएफ इंदौर
अनिल कुशवाह डीआईजी उज्जैन आईजी जबलपुर
अरविंद सक्सेना आईजी पीएचक्यू आईजी कानून व्यवस्था
आरआरएस परिहार आईजी पीएचक्यू आईजी पीटीआरआई
विनीत खन्ना आईजी पीएचक्यू आईजी चयन एवं भर्ती
हिमानी खन्ना आईजी पीएचक्यू आईजी महिला सुरक्षा
मिथलेश शुक्ला डीआईजी रीवा आईजी एसएएफ ग्वालियर
अनुराग शर्मा एडि सीपी भोपाल आईजी सीआईडी
सिद्धार्थ चौधरी एसपी बैतूल कमाडेंट 8वीं बटा. छिंदवाड़ा
प्रदीप शर्मा एसपी दतिया एसपी उज्जैन
सचिन शर्मा एसपी उज्जैन कमिश्नर मप्र भवन दिल्ली
अमित तोलानी एसपी नीमच कमांडेंट 24 वीं बटा. जावरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481