हर बूथ पर अभियान:स्थापना दिवस पर एक लाख लोगों को सदस्यता दिलाने का टारगेट

प्रदेश के सभी बूथों पर स्थापना दिवस मनाएंगे
पार्टी ने तय किया है कि हम हर बूथ पर स्थापना दिवस मनाएंगे। उस दिन एक लाख से ज्यादा लोग भाजपा में शामिल होंगे। इसमें समाज के सभी वर्गों के लोग हैं। अगर हर बूथ पर दो लोग भी शामिल हुए तो संख्या सवा लाख होती है। आप देखिएगा, वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक होगी। – वीडी शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
- कांग्रेस के बड़े नेताओं के बजाय अब फोकस कार्यकर्ताओं पर
- खिलाड़ी, कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल करेंगे
लोकसभा चुनाव के प्रचार के बीच भाजपा 6 अप्रैल को अपने स्थापना दिवस को सदस्यता अभियान के रूप में मनाएगी। उस दिन प्रदेश के सभी 64,523 पोलिंग बूथ पर कार्यक्रम होंगे। इनमें नए मतदाताओं के साथ सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों से संपर्क कर उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। इनमें खिलाड़ी, आर्टिस्ट, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रोफेशनल्स शामिल होंगे। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं को भी भाजपा में शामिल कराने की तैयारी है। पार्टी की न्यू ज्वाइनिंग कमेटी से जुड़े नेताओं का कहना है कि कांग्रेस के बड़े नेताओं की बजाय अब हमारा फोकस उनके कार्यकर्ताओं पर है, जो कांग्रेस में खुद को प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं।
भाजपा में ये कार्यकर्ता अब बूथ और मंडल स्तर पर काम करेंगे। पार्टी की न्यू ज्वाइनिंग कमेटी के संयोजक नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि एक दिन में एक साथ 1 लाख से ज्यादा लोग भाजपा में शामिल होंगे। यह अपने आप में एक अनूठा कार्यक्रम होगा जो एक रिकाॅर्ड भी बनेगा। स्थापना दिवस पर प्रदेश कार्यालय में कोई बड़ा कार्यक्रम करने के बजाय पार्टी हर बूथ पर कार्यक्रम करेगी। पार्टी नेताओं का मानना है कि चुनाव से ठीक पहले बूथ पर कार्यक्रम होने से नीचे तक की इकाई को सक्रिय करने में सुविधा होगी।
हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने पर फोकस
पार्टी का पूरा फोकस हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने पर है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को 6 अप्रैल को 6 घंटे तक बूथ पर सक्रिय रहकर संपर्क करने को कहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा एक साथ सभी बूथ पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेेंगे। इतने बड़े पैमाने पर लाइव कार्यक्रम करने के लिए भाजपा संगठन ने तैयारी शुरू कर दी है। घर-घर में झंडा लगाने के साथ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा।
