भोपाल में तालाब में मिले शव की शिनाख्त हुई:परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताया, 12 वीं की परीक्षा देने के बाद बुआ के घर मेहमानी में आया हुआ था

राजधानी भोपाल में स्थित बड़े तालाब में सोमवार की रात को मिले नाबालिग किशोर के शव की शिनाख्त कर ली गई है। मृतक उदयपुरा रायसेन का रहने वाला था। 15 दिन पहले पिपलानी में रहने वाली बुआ के घर मेहमानी में आया था। सोमवार की दोपहर को रिश्ते के चाचा के साथ भोपाल में घूमा। प्रभात चौराहा से उसने चाचा को घर लौटा दिया और दोस्त से मिलकर लौटने की बात कही।
इसके बाद से वह लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी अशोका गार्डन थाने में दर्ज करा दी। तलैया पुलिस ने सोमवार की ही रात को किशोर के शव को राजा भोज प्रतिमा के पास से बरामद किया था। मंगलवार की रात को बॉडी की शिनाख्ती की जा सकी थी।
जानकारी के मुताबिक अमित लोधी (17) पुत्र राजेश लोधी निवासी शिमलिया गांव तहसील उदयपुरा रायसेन का रहने वाला था। हाल ही में उसने 12 कक्षा की परीक्षा दी थी। उसके रिश्ते के चाचा रोहित ने बताया कि भतीजा 15 दिन पहले गांव से पिपलानी में रहने वाली अपनी बुआ के घर मेहमानी में आया था। वह मुझ से केवल दो साल छोटा है, लिहाजा हम दोनों में दोस्ताना रिश्ता था। मैं भी उसके साथ आया हुआ था।
सोमवार को हम घूमने निकले थे। अशोका गार्डन व आस पास के इलाकों में घूमने के बाद प्रभात चौराहा पर बस के इंतेजार में खड़े थे। तभी अमित ने बताया कि पास में उसका दोस्त देवी सिंह रहते हैं। वह उससे मिलने उसके घर जा रहा है, इसके बाद से वह देर शाम तक नहीं लौटा। उसे कॉल किए तो पहले तो कॉल नहीं किया गया। बाद में नंबर ब्लैक लिस्ट कर दिया गया। संदेह होने पर उन्होंने अशोका गार्डन थाने में इसी रात को गुमशुदगी दर्ज करा दी थी।
मंगलवार की रात हो सकी पहचान
सोमवार की रात को करीब दस बजे तलैया पुलिस ने अमित के शव को बड़े तालाब से बरामद किया था। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव मिलने की सूचना आस पास के सभी थानों में दी थी। मंगलवार को अशोका गार्डन पुलिस ने बॉडी के फोटो मृतक के परिजनों को दिखाए, जिससे उसकी पहचान हो सकी।
परिजनों को अनहोनी की आशंका
मृतक के चाचा बब्लू लोधी ने बताया कि भतीजे के साथ कुछ अनहोनी हुई है। वह देवी के घर जाने का बोलकर निकला था। अब देवी बता रहा है कि अमित उसके घर तक आया ही नहीं। वह बड़े तालाब तक कैसे पहुंचा, अकेले वहां तक जाना संभव नहीं। उसे किसी ने वहां ले जाने के बाद धक्का दिया है।
एसआई बोले जांच में होगा खुलासा
मामले की जांच कर रहे एसआई अखिलेश कुमार ने बताया कि देवी से पूछताछ की है, उसने अमित द्वारा उसके घर आने की बात से इनकार किया है। बॉडी की शिनाख्ती के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच कर रहे हैं, जिससे खुलासा हो सके कि अमित की मौत का असल कारण क्या है। हालांकि प्रारंभिक जांच में तालाब में डूबने से मौत होना लग रहा है। उसकी जेब से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय करेंगे।
