सहेली के रूम में मिली शिवपुरी की लापता छात्रा:इंदौर से अमृतसर गई..पैसे खत्म हुए तो लौटी; रची थी खुद के अपहरण की साजिश

0
Spread the love

ये सीसीटीवी फुटेज 20 मार्च को इंदौर के दीक्षा हॉस्टल का है। छात्रा यहां से अपने दोस्त के साथ बाहर निकलते हुए दिखाई दी थी। - Dainik Bhaskar

राजस्थान के कोटा से गायब शिवपुरी की छात्रा को इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने ढूंढ निकाला है। छात्रा और उसके दोस्त को देवगुराड़िया (खुड़ैल) के आगे इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के पास उसकी सहेली के रूम से बरामद किया गया है। सहेली इसी कॉलेज से नर्सिंग का कोर्स कर रही है।

मामले से एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि काव्या और हर्षित को बरामद कर लिया गया है। कोटा पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। दोनों को कोटा पुलिस के हवाले किया जाएगा। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने ये भी बताया कि इन दोनों ने अमृतसर में काफी समय बिताया। इनके पास पैसा नहीं था तो एक गुरुद्वारा में रहे।

शिवपुरी के बैराड़ की रहने वाली काव्या धाकड़ (20) बीते 18 मार्च को अपने दोस्त हर्षित के साथ लापता हुई थी। उसकी आखिरी लोकेशन इंदौर में भोलाराम उस्ताद मार्ग पर मिली थी।

अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रची

काव्या​​​​ के परिजन ने उसे नीट की तैयारी करने कोटा भेजा था। पिता रघुवीर धाकड़ को 18 मार्च की दोपहर 3 बजे मोबाइल पर बेटी की किडनैपिंग का मैसेज आया था। बेटी के हाथ-पैर और मुंह बंधी फोटो भी भेजी गईं। कुछ फोटो में काव्या के चेहरे पर खून भी नजर आ रहा था। उसे जिंदा छोड़ने के एवज में 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। मैसेज भेजने वाले ने बैंक खाते की डिटेल भी भेजी थी।

रघुवीर ने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की। जहां से मामला कोटा पुलिस को भेजा गया था। कोटा पुलिस को तहकीकात के दौरान पता चला कि अपहरण की कहानी झूठी है।

छात्रा ने यह फोटो अपने पिता को भिजवाया था।
छात्रा ने यह फोटो अपने पिता को भिजवाया था।

दोस्त के मकान में लिए थे लड़की के हाथ-पैर बंधे फोटो

कोटा की एसपी अमृता दुहान ने बताया था कि मामले में हर फैक्ट को चेक करने के बाद क्लियर हो गया कि छात्रा के साथ कोई वारदात नहीं हुई है। वह अपने दो दोस्तों के साथ थी। एक लड़के को इस मामले में राउंडअप कर लिया गया। वह इंदौर का रहने वाला है। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा कारणों से लड़के का नाम उजागर नहीं किया।

एसपी ने बताया कि छात्रा पहले दिन से ही इंदौर में थी। छात्रा के जो फोटो उसके पिता को भेजे गए थे, वो उसके दोस्त के ही मकान की रसोई में लिए गए थे।

रघुवीर धाकड़ को ये मैसेज देकर काव्या के अपहरण की सूचना दी गई थी।
रघुवीर धाकड़ को ये मैसेज देकर काव्या के अपहरण की सूचना दी गई थी।

पुलिस ने घोषित किया था 20 हजार रुपए का इनाम

फर्जी किडनैपिंग के खुलासे के बाद काव्या की लोकेशन इंदौर और आसपास के इलाके में बताई जा रही थी। क्राइम ब्रांच और राजस्थान पुलिस की टीमें छात्रा और उसके साथी को खोज रही थी। पता बताने वाले को 20 हजार रुपए इनाम देने की भी घोषणा की थी।

इंदौर में 20 मार्च को छात्रा और उसके दोस्त का सीसीटीवी वीडियो सामने आया था। यहां से दोनों अमृतसर के लिए निकले थे। 2 दिन पहले ही दोनों फिर इंदौर पहुंचे। देवगुराड़िया के पास शिवाजी नगर में छात्रा ने सहेली की मदद से किराए से कमरा ले लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481