भोपाल में पुलिस कठघरे में:थाने में मंत्रीपुत्र को बंद कर 4 पुलिस वालों ने इस पट्टे से जमकर पीटा था

शनिवार रात स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र पटेल के बेटे अभिज्ञान और उसके साथियों द्वारा रेस्टॉरेंट संचालक दंपती से मारपीट के मामले में नया मोड़ आया है। पड़ताल में सामने आया है कि शाहपुरा थाने में चार पुलिसकर्मियों ने अभिज्ञान पटेल को कमरे में बंद कर पट्टा, लात और घुसों से जमकर पीटा था। भास्कर को उस पट्टे की फोटो भी मिली है जिस पर एक ओर लिखा है-सुधार सिंह और दूसरी तरफ लिखा है- मेरी आवाज ही पहचान है। इसी पट्टे से शाहपुरा पुलिस ने अभिज्ञान की पिटाई की। उसके शरीर पर कई जगह चोट आई हैं।
दूसरी तरफ इस मामले में फरियादी त्रिलंगा के रेस्टॉरेंट संचालक साेनू मार्टिन और उनकी पत्नी का कहना है कि हमें न्याय और सुरक्षा चाहिए। पुलिस को आरोपियों पर धारा 307 भी लगानी चाहिए।
गौरतलब है कि शनिवार को त्रिलंगा में रेस्टॉरेंट संचालक सोनू मार्टिन और उनकी पत्नी आलिशा ने थाने में अभिज्ञान और साथियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया था। आरोप है कि सोनू के सिर पर रॉड से हमला किया गया और उनके कुक से भी मारपीट हुई थी। पुलिस ने साधारण मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस को धारा 307 भी लगानी चाहिए।
ये है पुलिस का सुधार सिंह, वो पट्टा जिससे अभिज्ञान को पीटा

सवाल– मंत्रीपुत्र को पुलिस कैसे पीट सकती है… जवाब में दिखाए जख्म
भास्कर ने अभिज्ञान से पूछा कि आरोप है आप और आपके साथी नशे में धुत थे, तो कहा- मैं हार्ट पेशेंट हूं। दिल में छेद है। डॉक्टरों ने साफ कहा है कि शराब पी तो हार्ट नहीं बचेगा। मैं कैसे शराब पी सकता हूं। पुलिस ने मेरे साथ ऐसा बर्ताव किया, आम लोगों के साथ क्या करती होगी?
चार को सस्पेंड किया गया है, जांच जारी है
थाने में पिटाई की शिकायत मिली है। प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड भी किया है। आगे जांच की जा रही है। –हरिनारायणचारी मिश्र, पुलिस कमिश्नर
