MP में 14 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी तय:छिंदवाड़ा से नकुल, रतलाम से कांतिलाल लड़ सकते हैं चुनाव; आज नामों का ऐलान संभव
मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस ने 14 पर अपने प्रत्याशियों के नाम लगभग फाइनल कर दिए हैं। संभावना है कि मंगलवार को कांग्रेस अपनी दूसरी सूची जारी कर दे, जिसमें इन नामों का ऐलान हो सकता है। सोमवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर सहमति बनी है।
सोमवार को ही दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की भी बैठक हुई, जिसमें मध्यप्रदेश की बची 5 सीटों पर नामों को लेकर चर्चा की गई। इससे पहले बीजेपी एमपी की 29 में 24 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है।
कांग्रेस की बैठक में इन सीटों पर नाम तय कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि मध्यप्रदेश की 14 सीटों पर पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। बैठक खत्म होने के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- प्रदेश की 70% सीटों पर हमारे उम्मीदवार तय हो गए हैं। खुद के और बड़े नेताओं के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा- पार्टी जिसे आदेश करेगी वो चुनाव लड़ेगा।
| लोकसभा सीट | इनका नाम तय |
| रतलाम-झाबुआ | कांतिलाल भूरिया |
| सतना | सिद्धार्थ कुशवाहा |
| राजगढ़ | प्रियव्रत सिंह |
| छिंदवाड़ा | नकुलनाथ |
| भिंड | फूल सिंह बरैया |
| मुरैना | पंकज उपाध्याय |
| सीधी | कमलेश्वर पटेल |
| उज्जैन | महेश परमार |
| टीकमगढ़ | पंकज अहिरवार |
| देवास | राजेंद्र मालवीय |
| बैतूल | रामू टेकाम |
सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और गुजरात समेत करीब 6 राज्यों की लोकसभा सीटों को लेकर चर्चा हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल मौजूद रहे।
बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ ही सीईसी मेंबर ओमकार सिंह मरकाम भी शामिल हुए।

मंगलवार को घोषित हो सकते हैं उम्मीदवार
संभावना है कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव प्रत्याशियों को लेकर मंगलवार को अपनी दूसरी सूची जारी कर सकती हैं। इसमें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तराखंड और गुजरात की लोकसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर सकती है। इससे पहले कांग्रेस ने 8 मार्च शुक्रवार को अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें 39 नामों की घोषणा की गई थी।
टिकट कटने की आशंका पर छलका दर्द
भिंड सीट से पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे देवाशीष जरारिया का दर्द इस बार टिकट कटने की आशंका पर छलक उठा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘मध्यम वर्गीय परिवार से होते हुए 5 साल पेट काट कर क्षेत्र में संघर्ष किया। वफादारी, संघर्ष और ईमानदारी की खूब सजा मिली है मुझे।’

एमपी की 29 सीटों पर कांग्रेस से ये दावेदार

बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में MP की 5 सीटों पर चर्चा
दिल्ली में सोमवार को बीजेपी मुख्यालय में बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक भी हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और बीजेपी संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा समेत कई राज्यों के बीजेपी नेता भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि इस बैठक में मध्यप्रदेश की 5 लोकसभा सीटों इंदौर, उज्जैन, धार, छिंदवाड़ा और बालाघाट को लेकर चर्चा की गई। बीजेपी ने इससे पहले 1 मार्च शुक्रवार को 195 नामों की अपनी पहली लिस्ट जारी की थी। इसमें मध्यप्रदेश की 29 में से 24 सीटों के प्रत्याशियों के नाम शामिल थे।
सूत्रों के अनुसार एमपी की बची 5 सीटों पर नाम करीब करीब तय कर लिए गए हैं। जल्द ही बीजेपी अपनी दूसरी सूची जारी कर सकती है, जिसमें इन सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं।

यह खबर भी पढ़ें…
विदिशा से शिवराज, गुना से सिंधिया को टिकट

बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी कर दी है। इसमें मध्यप्रदेश की 24 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। विदिशा से शिवराज सिंह चौहान और गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रत्याशी बनाया गया है। 5 सीटों छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, बालाघाट और धार के लिए अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं।
