कांग्रेस सरकार ने मनरेगा के तहत 65 हजार करोड़ रूपये सालाना दिये, जिससे मजदूरों की स्थिति में सुधार हुआ : राहुल गांधी

0
Spread the love

भोपाल, 05 मार्च 2024

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी ने आज शाजापुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए ने कहा कि जब हमारी सरकार थी और डॉ. मनमोहन सिंह जी प्रधानमंत्री थे तो हमने मनरेगा दिया। मनरेगा में एक साल में 65000 करोड रुपए देने होते हैं इससे कई सारे मजदूरों की स्थिति सुधरी, मनरेगा की सफलता के बाद हमारे पास किसान आए और उन्होंने मदद का आग्रह किया तो हमने किसानों का कर्ज माफ कर दिया, 70000 करोड रुपए उसका खर्च आया। वहीं नरेंद्र मोदी जी ने 16 लाख करोड रुपए उद्योगपतियों का माफ कर दिया, इसका अर्थ यह हुआ कि उन्होंने 24 साल का मनरेगा का बजट 22 उद्योगपतियों को दे दिया। आज 22 लोग हैं जिनके पास देश का 50 प्रतिशत धन है। मोदी जी ने 16 लाख करोड रुपए व्यापारियों के माफ कर दिए हैं, लेकिन किसानों का 1 रुपया भी माफ नहीं किया।
श्री राहुल गांधी ने कहा कि 50 प्रतिशत पिछड़े, 15 प्रतिशत दलित एवं 8 प्रतिशत आदिवासी, अल्पसंख्यक एवम सामान्य गरीब मिलाकर 90 प्रतिशत होते हैं, उनकी भागीदारी नगण्य है। किसी बड़ी कंपनी की लिस्ट निकालो जितनी बड़ी कंपनियों की लिस्ट में उनके मालिकों में एक नाम भी इस 90 प्रतिशत वर्ग के लोगों का नहीं है, उनके सीनियर मैनेजमेंट में भी एक नाम नहीं, मीडिया के मालिकों में भी इस 90 प्रतिशत वर्ग का एक भी नाम नहीं, ब्यूरोक्रेसी में देखें तो 90 लोग जो कि आईएएस अधिकारी हैं, उसमें से केवल तीन ओबीसी, एक आदिवासी एवं तीन दलित हैं। जब बजट आता है तो 100 में से 6 रुपए का केवल ये लोग फैसला करते हैं।
श्री राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी 90 प्रतिशत लोग देते हैं, लेकिन जेब 20 अमीर उद्योगपतियों की भरती है, इन समस्याओं से निजात पाने का तरीका है, जाति आधारित जनगणना। अग्नि वीर योजना की बजह से आज गरीब के पास सरकारी सेवा में जाने का रास्ता बंद है, पीएसयू कांग्रेस लायी, बीएसएनएल, हिंदुस्तान पेपर यह सब कांग्रेस ने बनाया, मोदी जी ये सब उद्योगपतियों को दे रहे हैं।
श्री गांधी ने कहा की जिस तरह हाथ टूट जाए तो उसका एक्स-रे किया जाता है उसी तरीके से जाति आधारित जनगणना समाज का एक्स-रे है, हमने जब इस क्रांतिकारी राजनीतिक कदम की बात की तो मोदी जी ने कहा कि वे सिर्फ 4 जातियां जानते हैं, मैं आपसे कहना चाहता हूं कि वे सिर्फ 20-22 उद्योगपतियों की मदद करना चाहते हैं आपकी नहीं।
श्री गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लोगों को धर्म, जाति और प्रदेश की राजनीति में बांट दिया है। कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित कर रही है कि सब लोग एक साथ आए। भाजपा की विचारधारा नफरत की विचारधारा है और हमारी विचारधारा नफरत के खिलाफ मोहब्बत की दुकान की विचारधारा है। श्री गांधी ने आगे कहा कि इस यात्रा में हमने एक और शब्द जोड़ दिया है और वह शब्द है ‘‘न्याय“ क्योंकि हमारी यात्रा का मकसद हर वर्ग को ‘न्याय’ दिलाने का है। इसलिए हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। श्री गांधी ने पचोर, सारंगपुर, शाजापुर टंकी चौराहा से एचपी पेट्रोल पंप तक रोड शो किया।
श्री राहुल गांधी ने उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए एवं पूजा अर्चना कर देश और प्रदेश की जनता की खुशहाली की प्रार्थना की। श्री गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ सहित अन्य वरिष्ठ नेतागणों ने भी महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। महाकाल दर्शन के बाद श्री गांधी का उज्जैन गेट से देवास गेट तक भव्य रोड शो हुआ जिसमें हजारों की संख्या में उपस्थित जन समुदाय ने श्री गांधी का अभिवादन किया। श्री गांधी का रात्रि विश्राम उज्जैन जिले के इंगोरिया में रहेगा। यात्रा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, पूर्व विधायक कुणाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता, कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के संदर्भ में आज उज्जैन में अभा कांग्रेस
के महासचिव जयराम रमेश, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी,
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित किया

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं संचार विभाग के प्रमुख श्री जयराम रमेश ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि बुधवार को बदनावर में होने वाली न्याय यात्रा, पिछले 10 साल में जो वन अधिकार कानून, भूमि अधिग्रहण कानून, वन संरक्षण कानून एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग जैसी संस्थाओं को जो कमजोर किया गया है उसको लेकर रहेगी। अनुसूचित जनजाति एवं जनजाति को लेकर जो संस्थागत आक्रमण हो रहा है, पर ध्यान केंद्रित किया जाना आवश्यक है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी की ओर से पांच न्याय में से दो न्याय की गारंटी दी जा चुकी है, उसमें से पहली गारंटी है एमएसपी का कानून जो की स्वामीनाथन आयोग के अनुसार डेढ़ गुना का फार्मूला उपयोग कर दिया जाएगा एवं दूसरी गारंटी जिसे राहुल जी ने राघोगढ़ में भी दोहराया वह दूसरी गारंटी है एक्स-रे की गारंटी यानी कि सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना यह हम कराएंगे।
श्री रमेश ने कहा कि हर 10 साल में जनगणना होती है जिसके आधार पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति की आबादी की भी जानकारी मिलती है एवं आरक्षण तय होता है। आरक्षण में राज्य सरकार का कोटा भी इसी से तय होता है, 2021 में पहली बार ऐसा हुआ है कि जाति आधारित तो छोड़िए सामान्य जनगणना भी नहीं कराई गई। 16 या 17 तारीख को इंडिया एलायंस की महारैली में जो कि मुंबई में होने वाली है उसमें सभी पांचों तरह के न्याय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मुरैना में जो अद्भुत अकाल्पनिक स्वागत हमारे नेता श्री राहुल गांधी जी का हुआ एवं पलक पांवड़े बिछाकर राहुल जी के न्याय के मुद्दों को कांग्रेसजनों और आमजन ने जो आत्मसात किया, इसके लिए पूरे ग्वालियर चंबल का मैं आभारी हूं। शिवपुरी, राघोगढ़ ब्यावरा एवं शाजापुर समेत सभी जगह न्याय यात्रा के दौरान अपार जन समर्थन श्री राहुल गांधी जी को मिला है।
श्री पटवारी ने कहा कि आर्थिक असमानता का जो मुद्दा है वह बेहद महत्वपूर्ण है, प्रधानमंत्री जी के अंदर जो “मैं” का भाव है वह डिक्टेटरशिप की बजह है, इसका परिणाम बेरोजगार, किसान एवं महंगाई से पीड़ित आमजन आज भोग रहे हैं। कल बदनावर की सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी भी उपस्थित रहेंगे। रतलाम एवं सैलाना में न्याय यात्रा का रोड शो होगा।
श्री पटवारी ने कहा कि श्री राहुल गांधी जी की सोच है कि देश के संसाधन का न्याय 90 प्रतिशत आबादी को मिले, परंतु 10 प्रतिशत वर्ग का इन पर कब्जा देश के लिए भयावह है। पिछली 29 नवंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा इसी स्थान से निकली थी और आज 5 मार्च, 2024 को भारत जोड़ो न्याय यात्रा इसी स्थान से निकल रही है, यह सौभाग्य का विषय है। कांग्रेस पार्टी की भावना भारत को आजाद कराने की रही है, संविधान की रक्षा और समान अवसर की रही है, आप सबका जो अपार सहयोग मिला है वह आगे भी मिलता रहेगा।
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि मालवा की यह धारा है। इस पर यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत हुआ है। शाजापुर और उज्जैन दलित वर्ग सीटें हैं तथा धार व रतलाम आदिवासी समाज की सीटें हैं। भाजपा ने लगातार सभी वर्गों पर अन्याय किया है, इसलिए यह न्याय यात्रा निकाली जा रही है, किसान-नौजवान के साथ न्याय हो यह इसका उद्देश्य है। उज्जैन में महाकाल लोक की आधार-शिला कमलनाथ जी ने रखी थी जिसके लिये 300 करोड रुपए भी स्वीकृत किये थे।

पत्रकार वार्ता के दौरान अभा कांग्रेस के प्रवक्ता, मप्र मीडिया प्रभारी चरण सिंह सपरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी और मोर्चा संगठनों एवं न्याय यात्रा मीडिया समन्वयक शोभा ओझा, स्थानीय विधायकद्वय महेश परमार, दिनेश जैन बोस भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481