रामलला की शरण में मोहन सरकार:कैबिनेट के साथ पहुंचे अयोध्या; कुछ ही देर में करेंगे भगवान राम के दर्शन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे हैं। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। मंत्रियों ने जय श्री राम के नारे लगाए। कैलाश विजयवर्गीय ने बस में ही भजन गाया ‘राम आए हैं तो राम राज्य लाएंगे’। सीएम और सभी मंत्री कुछ ही देर में राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे।
इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव और उनकी कैबिनेट के सभी साथी भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट से विशेष विमान से अयोध्या के लिए रवाना हुए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक की।
भोपाल में CM डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक के बाद कहा, ‘मंत्री परिषद की अगली बैठक में मंत्री मंडलीय उप समिति बनाकर धर्मस्व, राजस्व और संस्कृति विभाग को जोड़ा जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित देवस्थानों के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास और नगरीय क्षेत्र के देवस्थानों के लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग भी इसमें शामिल रहेंगे। सभी विभाग देवस्थानों के विकास के लिए कार्ययोजना बनाकर इनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।’
CM ने कहा, ‘राज्य शासन का उद्देश्य है कि मंदिर, देवस्थान के साथ सामाजिक चेतना और समरसता का भी केंद्र बनें। मंदिरों में सामूहिक विवाह जैसे सामाजिक कार्य संपन्न हों। अयोध्या धाम सहित प्रदेश के अंदर और प्रदेश के बाहर स्थित प्रमुख देवस्थानों में राज्य सरकार द्वारा धर्मशालाएं विकसित करने की दिशा में पहल की जाएगी। दूसरे राज्य की सरकारों को भी मध्यप्रदेश स्थित देवालयों में उनके राज्य की तरफ से धर्मशालाएं विकसित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।’

जगह मिलेगी, तो अयोध्या में मप्र भवन बनाएंगे
इससे पहले मुख्यमंत्री ने शनिवार को उज्जैन में कहा था, ‘हमारी मंशा है कि अगर उचित जगह मिल जाएगी तो मध्यप्रदेश से जाने वाले लोगों के लिए मप्र भवन का निर्माण भी अयोध्या में कराया जाएगा। सरयू नदी के किनारे सम्राट विक्रमादित्य के नाम पर घाट बनाने का काम भी किया जाएगा।’

CM ने कहा- फरवरी में लिया था अयोध्या जाने का निर्णय
मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ (यूपी) दौरे पर थे। वहां से भोपाल लौटने के बाद उन्होंने कहा था, ‘भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के जन्म स्थान और बाबा विश्वनाथ के पवित्र धाम में आनंद से सराबोर होकर लौटा हूं। फरवरी में अयोध्या में अधिक भीड़ होने और अन्य व्यस्तताओं के कारण मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मार्च में अयोध्या में भगवान श्री राम के दर्शन करने जाने का निर्णय लिया था। यह हमारी श्रद्धा है, हम सनातन संस्कृति को मानने वाले भी हैं। हमारी आस्था का केंद्र आज जब सबकी श्रद्धा के रूप में उभरकर सामने आया है, तो स्वाभाविक रूप से सबकी भावना भी जुड़ गई है।’
अब तक 80 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
इससे पहले अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड, आसाम, गोवा और उत्तर प्रदेश की कैबिनेट अयोध्या आकर रामलला का दर्शन कर चुकी है। इसके अलावा श्रीलंका, मॉरिशियस, फिजी और नेपाल का प्रतिनिधि मंडल यहां आकर रामलला का दर्शन कर चुका है। 22 जनवरी 2024 को भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद करीब 80 लाख श्रद्धालु रामलला का दर्शन कर चुके हैं।
प्रदीप मिश्रा बोले- आपकी श्रद्धा, आप जिस भाव से जाओ
भोपाल एयरपोर्ट पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि आज पूरा मंत्रिमंडल अयोध्या जा रहा है, इसके लिए पूरे मंत्रिमंडल को साधुवाद और बधाई। पत्नी और परिवार के साथ अयोध्या में भगवान राम के दर्शन के सवाल पर पंडित मिश्रा ने कहा कि ये भगवान राम के दर्शन की महतता है। आपकी श्रद्धा है, आप जिस भाव से जाओ। चाहे पत्नी के साथ, चाहे परिवार के साथ जाओ।
यह भी पढ़िए…
MP में जिला अस्पतालों को बनाया जाएगा मेडिकल कॉलेज
मध्यप्रदेश कैबिनेट मीटिंग में तय हुआ है कि प्रदेश के हर ऐसे जिले, जहां मेडिकल कॉलेज नहीं हैं, वहां इन्हें PPP (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर बनाया जाएगा। इसके लिए जिला अस्पतालों को मेडिकल कॉलेज में अपग्रेड किया जाएगा। काम प्राइवेट एजेंसी को दिया जाएगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
सीएम बोले- यूपी और एमपी भाई-भाई

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को यूपी दौरे पहुंचे। लखनऊ में भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा- एक परिवार ने यादव की राजनीति की और वोट बैंक हथियाया, लेकिन उनके लिए क्या किया? जिन लोगों ने यादवों का ठेका ले रखा है, उनसे पूछो कि उन्होंने इस समाज के हित के लिए क्या किया
