अचानक बीमार हुई महिला को त्वरित सहायता कर पहुँचाया अस्पताल

*पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश*
*जनसंपर्क कक्ष*
*समाचार*
*सागर के डायल-112 हीरोज*
*अचानक बीमार हुई महिला को त्वरित सहायता कर पहुँचाया अस्पताल*
भोपाल, 27 अप्रैल 2026। सागर जिले के थाना देवरी क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्पर एवं संवेदनशील कार्रवाई से अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर 40 वर्षीय महिला को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। इस मानवीय पहल से महिला को शीघ्र चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
27 अप्रैल को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना देवरी क्षेत्र अंतर्गत पृथ्वी वार्ड में एक महिला का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया है। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही देवरी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ सैनिक श्री अनिल एवं पायलट श्री भैयालाल काछी ने पाया कि 40 वर्षीय महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। चिकित्सा वाहन उपलब्ध न होने एवं अन्य कोई साधन न होने की स्थिति में परिवार ने डायल-112 को कॉल किया। डायल-112 जवानों ने तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला को परिजनों के साथ एफआरव्ही वाहन से तत्काल शासकीय चिकित्सालय, देवरी पहुँचाया।
डायल-112 की त्वरित कार्यवाही से महिला को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकी। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में आमजन की सहायता हेतु सदैव सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है।
*क्रमांक-260/26 राजेश दाहिमा*
