“नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान बना जन-आंदोलन

0
Spread the love

पुलिस मुख्‍यालय, मध्‍यप्रदेश
जनसंपर्क कक्ष
समाचार
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध निर्णायक अभियान
तस्करों पर सटीक प्रहार, समाज में बढ़ी जागरूकता और विश्वास
“नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान बना जन-आंदोलन
अपराध पर अंकुश, नागरिकों में सजगता और जीवन की रक्षा तक पहुँचा असर

भोपाल, 03 नवम्बर 2025। मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के विरुद्ध अपने राज्यव्यापी संघर्ष को नई धार देते हुए हाल के दिनों में कई जिलों में अभूतपूर्व सफलताएँ हासिल की हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में चल रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान ने अब केवल कानून-व्यवस्था तक ही नहीं, बल्कि समाज की चेतना, नागरिक सहभागिता और मानवीय मूल्यों को भी गहराई से प्रभावित किया है।
प्रदेश के गुना, मंदसौर, सतना, इंदौर और मैंहर जिलों में हाल ही में की गई पुलिस कार्यवाहियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि मध्यप्रदेश पुलिस नशे के विरुद्ध “Zero Tolerance Policy” के सिद्धांत पर पूरी दृढ़ता से कार्य कर रही है।
जिलों में की गई कार्रवाही
मंदसौर- जिले में पुलिस द्वारा दो बड़ी सफलताएँ दर्ज की गईं।
पहली कार्रवाई थाना सुवासरा पुलिस द्वारा की गई, जहाँ मुखबिर की सूचना पर तेज़ कार्रवाई करते हुए सिल्वर रंग की इको कार (क्रमांक RJ35CA3565) से 2 क्विंटल 9 किलोग्राम डोडाचुरा बरामद किया गया और आरोपी विक्रमसिंह सौंधिया राजपूत निवासी खारखेड़ा को गिरफ्तार किया गया। यह सफलता मंदसौर पुलिस की खुफिया सटीकता और ऑपरेशन दक्षता का परिणाम है।
वहीं, दूसरी प्रभावी कार्रवाई थाना कोतवाली पुलिस मंदसौर द्वारा की गई। पुलिस को प्राप्त मुखबिर सूचना पर नाका नंबर 10 महू–नीमच रोड हाईवे के पास दो व्यक्ति अशोक पिता गोपाल धनगर, निवासी ग्राम घोटारसी, थाना हथुनिया, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) तथा अनंतलाल पिता कन्हैयालाल दमामी, निवासी ग्राम घोटारसी, थाना हथुनिया, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करते पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 80 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत ₹8 लाख), अल्प्राजोलम 100 ग्राम (कीमत ₹10 लाख), एक मोटरसाइकिल (कीमत ₹40 हजार) कुल ₹18 लाख 40 हजार का मशरूका जब्त किया।
आरोपियों के विरुद्ध NDPS Act के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में अन्य संभावित तस्करों की जानकारी प्राप्त करने के लिए पूछताछ जारी है। यह कार्यवाही मंदसौर पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और गहन अन्वेषण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
गुना- जिले की मृगवास थाना पुलिस ने नशा तस्करी के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार करते हुए चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी राजस्थान की ओर 21 किलो गांजा लेकर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से अवैध गांजा और एक अल्टो कार जब्त की, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹14 लाख आँकी गई। यह कार्रवाई गुना पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, सतर्कता और उत्कृष्ट समन्वय का उदाहरण है।
सतना- जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने #OperationPrahar2_0 के अंतर्गत विशेष अभियान चलाकर एक आरोपी को 1,584 अवैध नशीली कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध NDPS Act एवं Drugs Control Act के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेजा गया। यह कार्रवाई नशा-मुक्त समाज के निर्माण के प्रति मध्यप्रदेश पुलिस की सतत निगरानी और दृढ़ निष्ठा को दर्शाती है।
इंदौर- इंदौर जोन में सामुदायिक पुलिसिंग की सफलता एक उदाहरण बनी। थाना राजेंद्र नगर क्षेत्र में मोहल्ला समिति की शिकायत पेटी में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चोईथराम मंडी पार्किंग से गांजा सप्लायर राहुल उर्फ टुंडा को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से अवैध गांजा बरामद हुआ। यह कार्रवाई नागरिक सजगता और पुलिस सहयोग के आदर्श समन्वय को प्रदर्शित करती है।
“नशे से दूरी है ज़रूरी” अब केवल एक पुलिस अभियान नहीं, बल्कि समाज में फैलती जन-जागरूकता की लहर बन चुका है। यह अभियान युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने, परिवारों को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और पुलिस-जन के बीच विश्वास के पुल को मजबूत करने की दिशा में एक सशक्त जनआंदोलन का रूप ले चुका है। मध्यप्रदेश पुलिस का यह सतत प्रयास केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं, बल्कि एक नैतिक संकल्प है।
क्रमांक-177/25 धीरज/आशीष शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *