वेबसाइट पर लाइव दिखता रहा वोटिंग स्टेटस
राज्य निर्वाचन आयोग ने आज पहली बार जनपद सदस्य के पद के लिए पेपरलेस निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके लिए आज सुबह से दमोह जिले के एक जनपद सदस्य के लिए वोटिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही सागर जिले में चार सरपंच पदों के लिए भी पेपरलेस वोटिंग हो रही है।
पेपरलेस वोटिंग को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने जो व्यवस्था की है उसमें सागर और दमोह में हो रहे मतदान की लाइव जानकारी वेबसाइट के जरिए मिल रही है। किस पंचायत के किस मतदान केंद्र के लिए कितना प्रतिशत वोटिंग होती जा रही है, इसकी जानकारी भी लाइव मिलती रही।
मतदान तीन बजे थम जाएगा। बताया गया कि सरपंच पद के लिये 49 और जनपद पंचायत सदस्य के 5 पदों के लिये मतदान अभी चल रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि सागर जिले की 4 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिये 9 मतदान केन्द्रों और दमोह जिले के वार्ड-16 के जनपद सदस्य के चुनाव के लिये 9 मतदान केन्द्रों में इंटीग्रेटेड पोलिंग बूथ मैनेजमेंट सिस्टम (आईपीबीएमएस) से मतदान कराया जा रहा है।
इन मतदान केन्द्रों की मतदान प्रकिया का सीधा प्रसारण भी किया गया। इसके लिये राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय के सामने और सागर और दमोह में एक-एक स्क्रीन लगाई गई। यहां मतदान दल को मतदान सामग्री लेने के लिए लाइन नहीं लगानी पड़ी है। मतदान दलों को मतदान केंद्रों में ही मतदान सामग्री सौंपने का काम किया गया है।
इन पंचायतों के लिए हुआ चुनाव
सागर जिले के जनपद पंचायत जैसीनगर की ग्राम पंचायत अगरा, औरिया, जनपद पंचायत खुरई की ग्राम पंचायत मुहासा और जनपद पंचायत राहतगढ़ की ग्राम पंचायत सेमरालहरिया के मतदान केन्द्रों में इंटीग्रेटेड पोलिंग बूथ मैनेजमेंट सिस्टम से मतदान कराया जा रहा है।
