वृक्षारोपण में आमजनों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाय – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

जनसंपर्क संचालनालय
मध्यप्रदेश शासन
समाचार
वृक्षारोपण में आमजनों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाय – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
रीवा शहर में एक लाख पौधे लगाये जायेंगे
उप मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण की तैयारियों की समीक्षा की
भोपाल 3 जुलाई 2025
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने राजनिवास सर्किट हाउस रीवा में वृहद वृक्षारोपण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रीवा को हराभरा बनाने के लिये चयनित स्थलों में एक लाख पौधे लगाये जायेंगे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने वृक्षारोपण से पूर्व की सभी तैयारियाँ पूर्ण करने तथा आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि चयनित किये गये स्थलों में व्यापक पैमाने पर छायादार, फलदार औषधीय पौधों का वृक्षारोपण करते हुए सड़क के किनारे वृक्षारोपण करें तथा ही पूर्व के रोपित पौधों के रिक्त भूमि में भी वृक्षारोपण कर गैप फिलिंग करें।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि व्यापक पैमाने पर किये गये वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलित होगा तथा सड़क के किनारे किये गये वृक्षारोपण से शहर की सुंदरता बढ़ेगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि वृक्षारोपण सामाजिक दायित्व के साथ पुण्य का भी कार्य है। इससे आमजनों, व्यापारी संगठनों, स्वयंसेवी संगठनों सहित अन्य लोगों को भी जोड़े। उन्होंने रोपित पौधों की पूर्ण सुरक्षा के इंतजाम किये जाने के भी निर्देश दिये।
बताया गया कि पशु चिकित्सा महाविद्यालय में 40 हजार, लक्ष्मणबाग की भूमि में 20 हजार, पीटीएस एवं इंजीनियरिंग कालेज कैम्पस में 15-15 हजार तथा रतहरा कैनाल ट्रैक में दस हजार वृक्षारोपण की कार्ययोजना बनाई गयी है। इसके साथ ही शहर की सड़कों के किनारे भी वृक्षारोपण किया जायेगा। अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती नीता कोल, कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने माँ शारदा के किए दर्शन
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मैहर के अल्पप्रवास के दौरान त्रिकूट पर्वत पर विराजी माँ शारदा के दर्शन कर विधिवत पूजन, अर्चन किया और प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि व आरोग्य की मंगलकामना की।
* शिवप्रसन्न शुक्ल/ अंकुश मिश्रा
