करोंद में महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर आयोजन

भोपाल के करोंद में शहीद हेमू कालानी एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा संचालित कला लक्ष्मण दास वेंसीमल गनवानी फाउंडेशन स्कूल और केवलराम चैनराय पब्लिक स्कूल में मंगलवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
समारोह की शुरुआत मां भारती, मां सरस्वती, महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और संत शिरोमणि हिरदाराम साहिब के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। सभी ने इन महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान शिक्षिका कीर्ति काशिव और छात्र युग दुबे ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जीवनी से सभी को परिचित कराया। साथ ही विद्यार्थियों ने सत्य और अहिंसा पर आधारित लघु नाटिका भी प्रस्तुत की।
इस विशेष अवसर पर श्रद्धेय सिद्ध भाऊजी ने महात्मा गांधी के स्वच्छता के स्वप्न को साकार करने की अपील की। उन्होंने सत्य और अहिंसा को जीवन में अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इन सिद्धांतों का पालन करने से विद्यार्थी अपने लक्ष्य की प्राप्ति में सफल होंगे।
विद्यालय की प्राचार्या सुमन विश्वकर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से हमें ईमानदारी, परिश्रम, त्याग और बलिदान की अद्वितीय सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के अथक प्रयासों के कारण ही आज हम स्वतंत्र और सुरक्षित जीवन जी रहे हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन कीर्ति काशिव ने किया। अंत में सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया और “भारत माता की जय” के उद्घोष से विद्यालय का पूरा प्रांगण गूंज उठा।
