जन्माष्टमी पर चांदी के झूले में झूलेंगे भगवान

0
Spread the love

जन्माष्टमी पर सोमवार को समूचा शहर कर्मयोगी भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर दिखाई देने लगा है। सुबह से ही घरों व मंदिरों में श्रीकृष्ण की झांकियां सजाने के साथ उनका अभिषेक, पूजन आदि का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। मंदिरों में विशेष पूजन हो रही है। रात 12 बजे घरों व मंदिरों में भगवान की जन्मोत्सव आरती के स्वर गुंजायमान होंगे।

भगवान चांदी के झूले में झूलेंगे और देवकी बन महिलाएं बधाई गीत गाएंगी। श्रीजी मंदिर से निकलने वाली पालकी यात्र के मार्ग में 21 चौराहों पर गोविंदा टोलियां माखन मटकी फोड़ेंगी। मंगलवार को भगवान का नामकरण और कुंडली बनाने की रस्म होगी।

योग-संयोग… 101 साल में इस बार जन्माष्टमी सोमवार को 22वीं बार

  • द्वापर में भगवान के जन्म के बाद छठी पर सोमवार को उनका नामकरण हुआ था, 101 साल में इस बार जन्माष्टमी सोमवार को 22वीं बार मनेगी।
  • इस बार गजकेसरी, शश, जयंती और सर्वार्थ सिद्धि योग में मनेगा जन्मोत्सव, अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र भी शुभकारी होगा।
भेल स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान श्री कृष्ण का विशेष श्रृंगार एवं भजन हुए।
भेल स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान श्री कृष्ण का विशेष श्रृंगार एवं भजन हुए।

आज यहां होंगे कार्यक्रम

  • इस्कॉन मंदिर पटेल नगर, बरखेड़ा इस्कॉन मंदिर एवं इस्कॉन मंदिर बैरागढ़ में इस बार जन्माष्टमी पर विशेष आयोजन तड़के 4 बजे से शुरू हो जाएंगे। 40 हजार से अधिक भक्तों को प्रसादी बांटी जाएगी। पटेल नगर में एक साथ 5000 भक्त कीर्तन कर सकेंगे। जन्माष्टमी का 3 दिवसीय उत्सव रहेगा। सुबह 4.30 में मंगल आरती होगी। दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक 3 विशेष नाट्य प्रस्तुति होगी। भगवान को 108 भोग अर्पित होंगे और रात्रि 12 बजे श्री भगवान की महा आरती होगी। यादव सभा के बरखेड़ा भेल स्थित मंदिर में भगवान फूलों की ड्रेस पहनेंगे।
  • बिड़ला मंदिर में रात 12 बजे जन्मोत्सव का बड़ा कार्यक्रम होगा।
  • टीला जमालपुरा स्थित गोपाल मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर लड्‌डू गोपाल का अभिषेक होगा। भगवान के शृंगार दर्शन रात 9.30 पर भजन होंगे और रात 12 बजे जन्मोत्सव आरती होगी।
  • शिवाजी नगर स्थित दुष्यंत कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय में शाम 4:30 बजे से ‘गीता के कृष्ण’ विषय पर व्याख्यान होगा।
  • नेहरू नगर में करुणा धाम मंदिर में रात 8 बजे फैंसी ड्रेस कॉम्पिटिशन होगा। इसके अलावा यहां पर डांस और भजन संध्या भी होगी। रात 12 बजे के बाद महाआरती होगी।
  • बांके बिहारी मंदिर मारवाड़ी रोड पर दिन में एवं रात एक बजे तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
  • बांके बिहारी मंदिर चौबदारपुरा मंदिर में भगवान बांके बिहारी का पंचामृत से स्नान व तुलसी दल से सहस्त्रार्चन किया जाएगा। अगले दिन ठाकुर जी का नामकरण कर उनकी जन्म कुंडली लिखी जाएगी।
  • श्रीजी नाथ जी मंदिर लखेरापुरा में दोपहर 12.30 बजे भगवान का तिलकोत्सव व आरती होगी। पालकी यात्रा निकाली जाएगी।

वृंदावन से मंगाए गए रत्न जड़ित वस्त्र

प्लेटिनम प्लॉजा स्थित मां वैष्णो धाम आदर्श दुर्गा मंदिर में भोपाल के सबसे बड़े लड्डू गोपाल का 11 तरह के फलों व 11 किलो पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। पंडित चंद्रशेखर तिवारी ने बताया की मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। लड्डू गोपाल के लिए वृंदावन से मंगाए गए रत्न जड़ित वस्त्र अर्पित किए जाएंगे। रात्रि 12:00 बजे भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। ढोल नगाड़े शंख घड़ियाल बजाकर बधाई गीत गाए जाएंगे। इसके बाद प्रसाद का वितरण होगा।

(जन्माष्टमी के लिए शहर के मंदिरों पर आकर्षक विद्युत साज सज्जा की गई है। दृश्य पांच नंबर स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर का।)

तुलसी से सहस्त्रार्चचन होगा, 56 भोग लगेंगे

शोका गार्डन सुभाष कॉलोनी स्थित मां भवानी, शिव हनुमान मंदिर में श्रीकृष्ण को चांदी के झूले में झुलाया जाएगा। म्युजिकल ग्रुप कान्हा के भजन प्रस्तुत करेगा। भगवान को 56 भोग लगाए जाएंगे।​​​​​​ ब्रह्माकुमारी के सभी केंद्रों में जन्माष्टमी उत्सव मनाया जाएगा।

भगवान की शोभायात्रा निकलेगी
अहीर यादव समाज के राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान का अभिषेक व पूजन होगा। अध्यक्ष संतोष यादव ने बताया कि विशेष अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद शिवराज सिंह चौैहान रहेंगे। सुबह 11 बजे मंदिर से भगवान कृष्ण की शोभा यात्रा निकाली जाएगी।

भगवान श्रीकृष्ण के वस्त्र तैयार करते श्रद्धालु।
भगवान श्रीकृष्ण के वस्त्र तैयार करते श्रद्धालु।

यहां चल समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

अहीर समाज के लखेरा पुरा से हर साल ही तरह इस बार भी चल समारोह निकलेगा, इसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। इस जानकारी अहीर समाज के अध्यक्ष संतोष यादव ने दी, उन्होंने कहा कि सुबह 11 बजे बरखेड़ी से चल समारोह चलेगा। यहां से यह एक्सटॉल कॉलेज जिंसी चौराहा, अहीर मोहल्ला, शब्बन चौराहा, लिली टॉकीज से होता हुआ जहांगीरबाद में शाम करीब 5 बजे खत्म होगा। वहीं रात में भगवान का अभिषेक होगा, जन्म उत्सव मनाया, संतोष कहते हैं कि भगवान के वस्त्र भी उन्होंने खुद बनाएं हैं। मैंने इसमें तुलसी के मोतियों की माला, चंदन की माला, मोर का पंख, रेशम का धागा और मखमल का प्रयोग किया है। जिसे करीब एक महीने में तैयार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home2/lokvarta/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481